बिहार में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। गृह विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था में कटौती करते हुए उनकी Z+ सुरक्षा हटा दी, जिसके बाद राबड़ी देवी ने भी सरकार द्वारा उपलब्ध सभी सुरक्षाकर्मियों को लौटा दिया।
बिहार में Z+ सुरक्षा को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। गृह विभाग ने गुरुवार को लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती करते हुए राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव को पूर्व में दी गई Z+ सुरक्षा वापस ले ली। इसके बाद राबड़ी देवी ने भी सरकार की ओर से उपलब्ध सभी सुरक्षाकर्मियों को लौटा दिया। इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ गई है और सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले सम्राट सरकार की ओर से राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने का नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
सुरक्षा को लेकर बिहार में सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। 4 जून को गृह विभाग ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती की थी। इसके बाद से ही इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
आरजेडी ने सरकार के इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। पार्टी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने आरोप लगाया कि सरकार पहले राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भेज चुकी है और अब सुरक्षा में कटौती कर लालू परिवार को अपमानित करने की कोशिश कर रही है। वहीं, सरकार के इस फैसले से नाराज राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस कर दिया है, जिससे यह मामला और अधिक राजनीतिक रंग लेता जा रहा है।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को अब विशेष सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की जाएगी। इसके तहत बीसैप के 2 से 8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से 2 बॉडीगार्ड, एचक्यूआरटी से पायलट और बुलेट प्रूफ कार, तथा पटना जिला बल से एस्कॉर्ट और पायलट उपलब्ध कराया जाएगा। जबकि राबड़ी देवी को उन्हें बीसैप से 2 से 8 हाउस गार्ड, 3 महिला बॉडीगार्ड, 3 वर्दीधारी बॉडीगार्ड, एचक्यूआरटी से पायलट, बुलेट प्रूफ कार, तथा पटना जिला बल से एस्कॉर्ट और पायलट प्रदान किए जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी वर्तमान में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी हैं।
लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा वापस लिए जाने के फैसले पर रोहिणी आचार्या ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। रोहिणी आचार्या ने लिखा कि लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उनके परिवार की सुरक्षा में कटौती का फैसला दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कवर में कटौती के बाद केवल औपचारिक सुरक्षा बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं था, इसी वजह से राबड़ी देवी ने अपने सरकारी आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेजने का निर्णय लिया। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की करोड़ों जनता ही लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उनके परिवार का वास्तविक सुरक्षा कवच है। साथ ही चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार पर होगी।