# उदयपुर

स्वाद का नया जंक्शनः आ रहा रेल कोच रेस्टोरेंट, एसी कोच में जायके का लुत्फ

स्वाद का नया जंक्शन: पुला स्थित रेलवे ट्रेनिंग परिसर में पुराने एसी रेल कोच को थीम आधारित फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां रूफटॉप डाइनिंग, गार्डन एरिया, कॉफी शॉप और विभिन्न व्यंजनों के साथ रेल यात्रा जैसा अनुभव मिलेगा। पांच वर्षों तक निजी फर्म के संचालन वाले इस प्रोजेक्ट से रेलवे को करीब 1.40 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा।

2 min read
रेलवे ट्रेनिंग स्कूल के पुला छोर पर खड़ा ट्रेलर।

उदयपुर. जल्द शहर के लोग रेलवे के एसी कोच में बैठकर लंच और डिनर का लुत्फ ले सकेंगे। पुला क्षेत्र में रेलवे की ओर से थीम आधारित रेल कोच रेस्टोरेंट विकसित किया जा रहा है। शुक्रवार को पुराने रेलवे कोच को राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से ट्रेलर के जरिए फतहपुरा-पुला मार्ग स्थित रेलवे ट्रेनिंग ग्राउंड तक पहुंचाया। शहर की व्यस्त सड़़कों से गुजरती रेल बोगी को देखने में उत्सुकता रही और कई लोगों ने इसे मोबाइल कैमरों में कैद किया।

जानकारी के अनुसार, यह परियोजना रेलवे के जेडआरटीआइ (जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट) परिसर में फतहपुरा-पुला मार्ग के बीच करीब 4000 वर्गफीट क्षेत्र में विकसित की जाएगी। पुराने रेल कोच को आकर्षक रूप देकर फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट बनाया जाएगा, जिससे लोगों को रेलवे यात्रा जैसा अनुभव मिलेगा। प्रस्तावित योजना के अनुसार कोच के साथ आधुनिक किचन, कवर्ड सीटिंग एरिया, ओपन गार्डन, रूफटॉप डाइनिंग एरिया, कॉफी शॉप, आइसक्रीम पार्लर, लाइव किचन काउंटर, कियोस्क, हैंडीक्राफ्ट डिस्प्ले जोन और प्रशासनिक कार्यालय विकसित किए जाएंगे। रेस्टोरेंट में भारतीय, दक्षिण भारतीय, चाइनीज, कॉन्टिनेंटल, ब्रेकफास्ट आइटम्स और सिजलर्स सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे।

1800 वर्गफीट का गार्डन एरिया

परियोजना के नक्शे के अनुसार रेस्टोरेंट परिसर में 1800 वर्गफीट का ओपन गार्डन एरिया विकसित किया जाएगा। कोच से जुड़े कवर्ड डाइनिंग स्पेस और खुली छत पर बैठकर भोजन करने की सुविधा भी रहेगी। रूफटॉप सीटिंग को प्रीमियम अनुभव के रूप में विकसित किया जाएगा।

पार्किंग की भी व्यवस्था

रेस्टोरेंट में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए परिसर के सामने करीब 15 फीट चौड़ी पार्किंग पट्टी प्रस्तावित की गई है। रेलवे प्रशासन से पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है, क्योंकि मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव अधिक रहता है।

हरित क्षेत्र से बढ़ेगी खूबसूरती

रेस्टोरेंट के आसपास खाली पड़ी जमीन को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। तीन ओर करीब 10 मीटर तक लॉन, छायादार वृक्ष, सजावटी पौधे और आकर्षक लैंडस्केपिंग की जाएगी। यह क्षेत्र केवल सौंदर्यीकरण के लिए होगा और यहां कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं होगी।

पांच साल तक संचालित करेगी फर्म

इस रेस्टोरेंट का फर्म पांच साल तक संचालन करेगी। कोच में आवश्यक सुधार के बाद इसे शुरू किया जाएगा। इसके तहत रेलवे ट्रेनिंग स्कूल की जगह और कोच रेलवे की ओर से प्रदान किया है। इससे रेलवे को पांच साल में 1.40 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होगा।