9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ballia News: कार्यक्रम में न बुलाए जाने पर नाराज हुए सांसद, बोले मन करता है मंत्री को उठा कर मंच से फेंक दूं

सांसद ने कहा कि वह उम्रदराज जरूर हैं, लेकिन मन से कमजोर नहीं हैं। उन्होंने मंच से यह भी कहा कि उनका मन करता है कि मंत्री को मंच से उठाकर बाहर कर दें। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी काम नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्ती की जाएगी।

2 min read
Google source verification

Ballia News: बलिया में आयोजित रेलवे से जुड़े एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नहीं बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय नाराज नजर आए। शुक्रवार को सपा कार्यकर्ता के एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे सांसद ने मंच से अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की और प्रदेश के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु को लेकर तीखी टिप्पणी की।


सांसद ने कहा कि वह उम्रदराज जरूर हैं, लेकिन मन से कमजोर नहीं हैं। उन्होंने मंच से यह भी कहा कि उनका मन करता है कि मंत्री को मंच से उठाकर बाहर कर दें। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी काम नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्ती की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करना है तो कर दिया जाए, वह हर तरह की कार्रवाई का सामना करने को तैयार हैं।


सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि उत्सर्ग और गोंदिया एक्सप्रेस के ठहराव के लिए आंदोलन किया गया था, जिसमें वह स्वयं शामिल थे। अब जब दोनों ट्रेनों का ठहराव शुरू हुआ है तो कार्यक्रम में क्षेत्र के सांसद को मुख्य अतिथि नहीं बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया है।


उन्होंने यह भी कहा कि सामान्य तौर पर किसी भी परियोजना के उद्घाटन या कार्यक्रम में उस क्षेत्र के सांसद को मुख्य अतिथि बनाया जाता है, भले ही वह विपक्षी दल से ही क्यों न हो। सांसद ने दावा किया कि उन्होंने गोरखपुर में रेलवे के जनरल मैनेजर से फोन पर बात कर इस निर्णय का कारण पूछा और संबंधित आदेश दिखाने की मांग की है।


वहीं, इस मामले पर बीजेपी के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम ट्रेनों के ठहराव से संबंधित था और रेल मंत्री के पत्र के आधार पर आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु को मुख्य अतिथि बनाया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे के किसी बड़े कार्यक्रम में लोकसभा सांसद को ही मुख्य अतिथि बनाया जाता है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।