
फोटो: पत्रिका
Protest Over Calf's Death In Baran: बछड़े की मौत के मामले को लेकर सोमवार को वासुदेव गौ सेवा समिति के आह्वान पर बारां बंद रखा गया। सुबह से ही गौ सेवक और विभिन्न हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और शहर के प्रमुख बाजारों को बंद करवाया। इस दौरान शहर में जुलूस निकाला गया, जो अलग-अलग मार्गों से होता हुआ विधायक राधेश्याम बेरवा के निवास तक पहुंचा।
मामला शहर के बरडिया क्षेत्र का है जहां शुक्रवार को एक गाय के बछड़े की मौत हो गई थी। आरोप है कि बछड़े को मारकर सड़क किनारे फेंक दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। जिसके बाद रविवार रात को आर्य वाटिका में आयोजित बैठक में श्री वासुदेव गौ सेवा समिति और अन्य संगठनों ने सोमवार को बारां बंद का निर्णय लिया था।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे गोसेवक और संगठनों के सदस्य प्रताप चौक पर एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने शहर में बंद करवाया। हालांकि पहले से किए गए एलान के अनुसार मेडिकल स्टोर और अन्य आवश्यक सेवाएं चालू रहीं।
जुलूस के बाद प्रदर्शनकारी विधायक राधेश्याम बेरवा के निवास के सामने पहुंचे जहां उन्होंने धरना दिया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान विधायक राधेश्याम बेरवा ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें उचित जांच करवाने का आश्वासन दिया। विधायक के आश्वासन के बाद गौ सेवकों ने धरना समाप्त किया।
वासुदेव गौ सेवा समिति के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच से वे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बछड़े की मौत के मामले में दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।
बंद और प्रदर्शन को देखते हुए शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस मौजूद रही।
Updated on:
09 Feb 2026 11:40 am
Published on:
09 Feb 2026 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
