
फिल्म रामायण में ये डांसर बनेगा मेघनाथ
Ranbir Singh Ramayana: निर्देशक नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' जिसका इंतजार फैंस काफी समय से कर रहे हैं उसके किरदारों को लेकर हर दिन नए और दिलचस्प खुलासे हो रहे हैं। रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म की स्टार कास्ट पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई है। अब फिल्म के एक और अहम किरदार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स की मानें तो छोटे पर्दे से अपने करियर की शुरुआत करने वाले डांसर राघव जुयाल अब इस फिल्म का हिस्सा बनने वाले हैं। वह रावण के सबसे शक्तिशाली बेटे 'मेघनाद' (इंद्रजीत) के रूप में नजर आएंगे।
पहले खबर थी कि नितेश तिवारी इस रोल के लिए '12वीं फेल' स्टार विक्रांत मैसी को लेना चाहते थे। मेकर्स और विक्रांत के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन किसी वजह से बात आगे नहीं बढ़ पाई और यह शानदार मौका उनके हाथ से निकल गया। इसके बाद मेकर्स ने एक ऐसे एक्टर की तलाश शुरू की जो अपनी एक्टिंग में नयापन और तीव्रता ला सके। आखिर में मेकर्स ने राघव जुयाल के नाम पर मुहर लगाई।
वैरायटी की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राघव जुयाल को 'मेघनाद' के किरदार के लिए फाइनल कर लिया गया है। हालांकि, फैंस को उन्हें देखने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। बताया जा रहा है कि राघव का किरदार 'रामायण: पार्ट 1' में नहीं, बल्कि इसके दूसरे भाग में दिखाई देगा, जो साल 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है। मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन इस खबर ने राघव के फैंस के बीच उत्साह भर दिया है।
राघव जुयाल का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा है। 2011 में एक डांस रियलिटी शो के कंटेस्टेंट के रूप में कदम रखने वाले 'क्रोकरोच' (राघव का निक नेम) ने अपने स्लो मोशन डांस से घर-घर में पहचान बनाई। डांसिंग और होस्टिंग के बाद उन्होंने 'एबीसीडी 2' और 'किसी का भाई किसी की जान' जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन हालिया फिल्म 'किल' (Kill) में उनके खूंखार विलेन वाले अंदाज ने पूरी इंडस्ट्री को चौंका दिया। इसी फिल्म के बाद निर्माताओं ने उन्हें एक गंभीर और नेगेटिव शेड वाले अभिनेता के रूप में देखना शुरू किया।
साल 2026 में राघव 'किंग' और 'हसल' जैसी बड़ी फिल्मों में भी नजर आने वाले हैं। नितेश तिवारी की इस माइथोलॉजिकल फिल्म में रणबीर कपूर (राम), यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) जैसे दिग्गजों के साथ स्क्रीन शेयर करना राघव के करियर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
Updated on:
08 Feb 2026 01:47 pm
Published on:
08 Feb 2026 01:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
