
विशाल ददलानी ने किया मिनिस्टर को ब्लॉक
Vishal Dadlani Post:बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार और गायक विशाल ददलानी अपनी बेबाक सोच और गर्मजोशी के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया का इस्तेमाल उन मुद्दों पर बात करने के लिए करते हैं, जिन पर बाकी लोग चुप्पी साध लेते हैं। इसी बीच विशाल का एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने बताया कि एक मंत्री को उन्होंने ब्लॉक कर दिया। जैसे ही लोगों ने ये पढ़ा हर कोई बेचैन हो उठा।
विशाल ने आगे इसका कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि आजकल म्यूजिक इंडस्ट्री में पैर जमाने की कोशिश कर रहे नए सिंगर्स सोचते हैं कि ऐसे किसी से भी फोन करवा देंगे तो उन्हें काम मिल जाएगा, उन्हें अपना रास्ता अपनी मेहनत से बनाना होगा। किसी की सिफारिश से नहीं...
सोमवार को विशाल ददलानी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। उन्होंने उभरते हुए गायकों को संबोधित करते हुए लिखा कि अगर कोई गायक उनसे मिलने या काम मांगने के लिए किसी मंत्री, नेता या रसूखदार व्यक्ति का सहारा लेता है, तो वह अपना मौका हमेशा के लिए खो देता है। विशाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग सिफारिश के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए उनके मन में रत्ती भर भी सम्मान नहीं है।
विशाल ने एक हाल ही में हुए वाक्य का जिक्र करते हुए बताया कि एक सिंगर ने किसी मंत्री के जरिए उन पर दबाव बनवाने की कोशिश की थी। इस बात से विशाल इतने नाराज हुए कि उन्होंने न केवल उस मंत्री को, बल्कि उस गायक को भी तुरंत ब्लॉक कर दिया। उन्होंने कहा, "चाहे गायक कितना भी टैलेंटेड क्यों न हो, अगर वह सिफारिश का रास्ता चुनता है, तो मुझे उसके साथ काम करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।" उनके मुताबिक, सिफारिश का इस्तेमाल करना यह दिखाता है कि कलाकार को अपने हुनर पर भरोसा नहीं है।
अपने पोस्ट में विशाल ने युवाओं को सलाह दी कि असली पहचान कड़ी मेहनत, धैर्य और प्रतिभा से बनती है। उन्होंने लिखा कि सच्चे टैलेंट को किसी रसूख की जरूरत नहीं होती और जो लोग शॉर्टकट अपनाते हैं, वह लंबी रेस के घोड़े नहीं बन सकते। विशाल का यह मैसेज इंडस्ट्री में फैले 'नेपोटिज्म' और 'पावर गेम' पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
विशाल के इस सख्त पोस्ट पर फैंस और सेलिब्रिटीज के दिलचस्प रिएक्शन आ रहे हैं। स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मेरे मैनेजर ने ट्रू कॉलर पर अपनी आईडी 'मंत्री' लिख रखी है, प्लीज मुझे अनब्लॉक कर दीजिए।" ऐसे ही कई लोग भी कमेंट कर रहे हैं और विशाल को सही कह रहे हैं।
Published on:
10 Feb 2026 09:50 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
