
हाईटेक ट्रैफिक पार्क
सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छतरपुर पुलिस ने शहर में एक अत्याधुनिक और हाई-टेक ट्रैफिक पार्क तैयार किया है। यह पार्क न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि आने वाले बच्चों, युवाओं और आम जनता को सडक़ सुरक्षा का महत्वपूर्ण पाठ भी सिखाएगा। अंतिम चरण में तैयार इस पार्क का शुभारंभ आज किया जाएगा।
यह पार्क यातायात थाना के परिसर में बनाया गया है। हरियाली और स्वच्छ वातावरण के बीच आगंतुकों को प्रत्यक्ष रूप से सडक़ सुरक्षा के नियमों और सावधानियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसे रोड सेफ्टी ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित किया गया है, ताकि बच्चे और युवा प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
पार्क की विशेषताओं में प्रैक्टिकल लर्निंग का मुख्य स्थान है। पार्क में सडक़ किनारे लगे सभी महत्वपूर्ण ट्रैफिक संकेतों और बोर्डों को प्रदर्शित किया गया है, ताकि आगंतुक इन्हें देखकर समझ सकें। ट्रैफिक लाइट और विभिन्न सिग्नलों के काम करने के तरीके को विस्तार से समझाया जाएगा। पार्क का डिज़ाइन इस तरह किया गया है कि आने वाले आगंतुक प्राकृतिक वातावरण, हरियाली और सुखद अनुभव का आनंद ले सकें। साथ ही सडक़ पर चलने वाली छोटी-छोटी सावधानियों और यातायात नियमों की पूरी जानकारी भी उपलब्ध होगी। यातायात प्रभारी प्रस्पति कुमार साकेत ने बताया कि इस ट्रैफिक पार्क का मुख्य उद्देश्य सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाना और नई पीढ़ी को नियमों का पालन करने वाला जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि यह पार्क मनोरंजन और शिक्षा का अद्वितीय संयोजन प्रस्तुत करेगा।
आज के शुभारंभ समारोह में स्थानीय निवासी, स्कूलों के छात्र और युवा विशेष रूप से आमंत्रित हैं। यह पहल न केवल छतरपुर के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल साबित होगी, जहां सुरक्षा और मनोरंजन का संतुलित अनुभव प्रदान किया गया है। पुलिस का लक्ष्य है कि इस ट्रैफिक पार्क के माध्यम से युवा सडक़ सुरक्षा के प्रति सजग हों और शहर में दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आए। आगंतुक यहां न केवल ट्रैफिक नियम सीखेंगे बल्कि खेल-खेल में सुरक्षित ड्राइविंग और पैदल मार्ग का महत्व भी समझ पाएंगे।
Updated on:
30 Jan 2026 10:24 am
Published on:
30 Jan 2026 10:23 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
