9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मैदान के बाहर सूर्या का खिलाड़ियों के साथ कैसा रहता है व्यवहार? कोच गौतम गंभीर ने बता दी असलियत

ICC Men's T20 World Cup 2026 में भारतीय टीम का सामना 12 फरवरी को नामीबिया से होगा। इस मुकाबले से पहले कोच गौतम गंभीर ने सूर्या और खिलाड़ियों के बीच रिश्तों को लेकर बड़ी बात कही है।

2 min read
Google source verification
Gautam Gambhir

गौतम गंभीर (फोटो- IANS)

Gautam Gambhir on Suryakumar Yadav: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने जीत के साथ आगाज किया। टीम इंडिया का पहला मुकाबला अमेरिका से हुआ, जहां उन्होंने आसान जीत हासिल की। हालांकि इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज फ्लॉप रहे, लेकिन अकेले सूर्यकुमार यादव अंत तक डटे रहे और भारतीय टीम के लिए उतना स्कोर बना दिया, जो अमेरिका के लिए मुश्किल हो गया। हुआ भी ऐसा और अमेरिका की टीम उस लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई।

सूर्या की हो रही जमकर तारीफ

इसके बाद सूर्यकुमार यादव की दुनिया भर में जमकर तारीफ हो रही है। इस दौरान टीम इंडिया के कोच का बड़ा बयान भी सामने आया है। गौतम गंभीर ने कहा है कि सूर्या के कप्तान होने से उनका काम काफी आसान हो गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सूर्या सिर्फ मैदान पर रन ही नहीं बनाते, बल्कि मैदान के बाहर भी खिलाड़ियों का ख्याल रखते हैं। एक कप्तान के तौर पर टीम के खिलाड़ियों के साथ अच्छा व्यवहार होना बहुत जरूरी है और वह टीम के प्रदर्शन पर भी दिखता है।

गंभीर ने बताया कि सूर्यकुमार यादव हर खिलाड़ी से बात करते हैं, उनके साथ समय बिताते हैं और उनके साथ दोस्ती जैसा माहौल रखते हैं। जब कप्तान इतना मिलनसार हो तो टीम किसी भी दबाव को झेल सकती है और एक कोच के लिए इससे अच्छी चीज और कुछ नहीं हो सकती।

नामीबिया से अगला मुकाबला

आपको बता दें कि सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप से पहले लगातार फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने लगातार तीन हाफ सेंचुरी लगाकर अपनी फॉर्म में वापसी का संकेत दिया। टी20 वर्ल्ड कप के पहले ही मुकाबले में जब पूरी टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप लड़खड़ा गई थी, तब सूर्यकुमार यादव अकेले खड़े रहे और टीम इंडिया को 161 तक पहुंचाया। जवाब में अमेरिका की टीम सिर्फ 132 रन बना सकी और भारत ने 29 रन से मुकाबला जीत लिया।

अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया से होगा और उम्मीद है कि इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज बेहतर प्रदर्शन करेंगे।