
भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: IANS)
Vaibhav Suryavanshi in U19 World Cup: भारतीय अंडर-19 टीम आज शनिवार 17 जनवरी को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपना ग्रुप चरण में दूसरा मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। भारत ने अपने पहले मुकाबले में यूएसए के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के तहत 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। आज एक बार फिर सबकी निगाहें 14 वर्षीय विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। उनके पास आज यूथ वनडे इंटरनेशनल में इतिहास रचने का मौका है। वैभव के पास पिछले मैच में भी विराट कोहली का ये रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था, लेकिन वह चूक गए थे। अब वैभव को ये रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 4 रन की दरकार है।
वैभव सूर्यवंशी को यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली के 978 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए सिर्फ 4 रनों की जरूरत है। पूर्व भारतीय कप्तान ने ये रन बनाने के लिए 25 पारियां खेली थीं। कोहली का औसत 46.57 था और उन्होंने इस लेवल पर एक शतक और छह अर्धशतक लगाए थे। जबकि वैभव ने सिर्फ 19 पारियों में करीब 50 के शानदार औसत से 975 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और चार अर्धशतक आए हैं।
वैभव सूर्यवंशी के पास इसके साथ ही यूथ वनडे में अपने 1,000 रन पूरे करने का भी मौका है, 25 रन बनाते ही वह इस पड़ाव पर भी पहुंच जाएंगे। अगर वह ऐसा करने में सफल हो जाते हैं तो वह ये उपलब्धि हासिल करने वाले 7वें भारतीय और शुभमन गिल और उन्मुक्त चंद के बाद तीसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इतना ही नहीं उनके पास यूथ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंचने का भी मौका है। इसके लिए उन्हें इस वर्ल्ड कप में 430 रन बनाने होंगे। भले ही यूएसए के खिलाफ वह सिर्फ दो रन बना सके हों, लेकिन ये बात भी किसी से छिपी नहीं है कि जब भी वह शतक बनाते हैं तो लंबी पारी खेलते हैं। ऐसे में वह ये रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।
1- विजय जोज - 1404 रन
2- यशस्वी जायसवाल - 1386 रन
3- तन्मय श्रीवास्तव - 1316 रन
4- शुभमन गिल - 1149 रन
5- उन्मुक्त चंद - 1149 रन
6- सरफराज खान - 1080 रन
7- विराट कोहली - 978 रन
8- वैभव सूर्यवंशी - 975 रन
Updated on:
17 Jan 2026 09:24 am
Published on:
17 Jan 2026 09:23 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
