फिरोजाबाद, Jun 05, 2026

मां और मौसी की लड़ाई में 6 महीने के बच्चे की हो गई मौत, PC- Video Grab
फिरोजाबाद : यूपी के फिरोजाबाद में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। छोटी सी बात पर दो बहनों में मारपीट हो गई। इस मारपीट में तख्त पर सो रहे छह महीने के दुधमुंहे बच्चे को दोनों ने कुचल दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना उत्तर क्षेत्र के कृष्णा नगर, झील की पुलिया का यह मामला है। मृतक बच्चे की मां संजना की शादी कासगंज के कन्हैया से हुई थी। ससुराल में परेशान होने के बाद संजना होली के समय मायके आ गई थी। पति कन्हैया भी उसके साथ मायके में रहकर ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
बुधवार शाम परिवार के सदस्य मेला देखने गए थे। लौटने के बाद बच्चा तनवीर (6 माह) भूख से रोने लगा। संजना ने अपनी छोटी बहन वंदना से दूध की बोतल लाने को कहा, लेकिन वंदना ने मना कर दिया। इस बात पर दोनों बहनों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही चोटी पकड़कर मारपीट में बदल गई। मां नीतू दोनों को अलग करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन दोनों और उग्र हो गईं।
लड़ते-लड़ते दोनों बहनें तख्त पर सो रहे बच्चे तनवीर के ऊपर गिर पड़ीं। बच्चे की चीख निकल गई। पिता कन्हैया तुरंत बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मां संजना ने सबसे पहले छोटी बहन वंदना पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी कि वंदना ने बच्चे को तख्त से जमीन पर पटककर मार डाला। लेकिन कुछ घंटों बाद संजना ने अपना बयान बदल दिया। उसने बताया कि पति ने धमकी दी थी कि अगर बहन पर आरोप नहीं लगाया तो साथ नहीं रखेगा और तलाक दे देगा।
संजना ने कहा, 'मैं पति की बातों में आ गई थी। अब न मैं मायके रहूंगी और न ससुराल। मेरी बहन हत्यारी नहीं है। हम दोनों की लड़ाई में बच्चा कब चपेट में आ गया, पता ही नहीं चला।'
पुलिस दोनों बहनों के बदलते बयानों को लेकर सतर्क है। मामले की गहन जांच चल रही है। पुलिस अब 'काउंसिलिंग' के जरिए सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है। बच्चे की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए मां और मौसी दोनों से विस्तार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on: 05 Jun 2026 03:48 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।