
बैंक खातों को सीज करती पुलिस और प्रशासन की टीम फोटो सोर्स विभाग
गोंडा जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। देहात कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत शातिर अपराधी मोहम्मद खलील और उसके बेटे चांद बाबू की अवैध कमाई पर शिकंजा कसा है। मजिस्ट्रेट के आदेश पर दोनों के बैंक खातों में जमा लाखों रुपये कुर्क कर दिए गए हैं।
गोंडा डीएम के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। डीएम के आदेश के अनुपालन में शातिर अपराधी मोहम्मद खलील और उसके बेटे चांद बाबू के बैंक खातों में जमा कुल 52 लाख 42 हजार 632 रुपये 49 पैसे की धनराशि फ्रीज की गई है। पुलिस के अनुसार यह रकम अवैध गतिविधियों से अर्जित की गई थी। जिस पर अब किसी भी तरह की निकासी या लेनदेन पूरी तरह से प्रतिबंधित लगा दिया गया है। कुर्क की गई धनराशि बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के खातों में जमा थी। प्रशासन ने संबंधित बैंक प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश जारी कर खातों से किसी भी प्रकार के लेनदेन पर तत्काल रोक लगाने को कहा है। साथ ही उप जिलाधिकारी सदर को कुर्क की गई संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया है। जो इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहम्मद खलील और उसका बेटा चांद बाबू एक संगठित गिरोह से जुड़े बताए जाते हैं। उन पर धोखाधड़ी, जालसाजी और अवैध भूमि कब्जे जैसी गतिविधियों के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाने के आरोप हैं। इससे पहले 7 सितंबर 2024 को पुलिस ने दोनों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि कुछ दिनों के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।
देहात कोतवाली पुलिस और सदर तहसील प्रशासन अब आरोपियों की अन्य चल-अचल संपत्तियों की भी गहन जांच कर रहा है। पुलिस का कहना है कि यदि अवैध कमाई से अर्जित कोई और संपत्ति सामने आती है। तो उसे भी कुर्क किया जाएगा। न्यायालय की ओर से आरोपियों को तीन महीने का समय दिया गया है। जिसमें उन्हें अपनी संपत्ति के वैध स्रोत से जुड़े प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे। तय अवधि में संतोषजनक साक्ष्य न देने की स्थिति में उनके खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी और नायब तहसीलदार को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि देहात कोतवाली पुलिस और प्रशासन की टीम ने खलील टायर वाला और उसके बेटे चांद बाबू पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। विभिन्न बैंक खातों के कुल 52 लाख 42000 सीज कराया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
08 Feb 2026 08:26 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
