3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विद्यार्थियों को आठ बजे पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र पर, प्रश्न पत्र उठाने से लेकर केंद्र तक पहुंचने की प्रक्रिया की सेल्फी करनी होगी अपलोड

जिले में दसवीं–बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं को नकलमुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार प्रशासन ने सख्त और तकनीक आधारित इंतजाम किए हैं। अब प्रश्न-पत्र उठाने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया सेल्फी और एप अपलोड से मॉनिटर की जाएगी। केंद्र अध्यक्ष और कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि को हर हाल में सुबह […]

2 min read
Google source verification
कलेक्टर ने ली बैठक, जिला पंचायत सीईओ बनाए नोडल अधिकारी

कलेक्टर ने ली बैठक, जिला पंचायत सीईओ बनाए नोडल अधिकारी

जिले में दसवीं–बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं को नकलमुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार प्रशासन ने सख्त और तकनीक आधारित इंतजाम किए हैं। अब प्रश्न-पत्र उठाने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया सेल्फी और एप अपलोड से मॉनिटर की जाएगी। केंद्र अध्यक्ष और कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि को हर हाल में सुबह 6 बजे तक संबंधित पुलिस थाने पहुंचना होगा। प्रश्न-पत्र का बॉक्स प्राप्त करने के बाद थाना परिसर में सेल्फी लेकर उसे निर्धारित एप पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद परीक्षा केंद्र पहुंचकर दोबारा सेल्फी अपलोड करनी होगी। कलेक्टर प्रतिनिधि को परीक्षा के हर दिन केंद्र पर मौजूद रहना जरूरी रहेगा। परीक्षार्थियों के लिए भी नियम बदले गए हैं। अब सभी छात्रों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। दो घंटे पूरे होने से पहले किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। निरीक्षण दल परीक्षा केंद्र छोड़ चुके छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं और प्रश्न-पत्रों का भी अवलोकन करेंगे।

सोमवार को जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित तैयारी बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ कराई जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत को परीक्षाओं का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। बैठक में एडिशनल एसपी विदिता डागर, एसडीएम विनोद सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सहित केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में यह दी जानकारी

-पर्यवेक्षकों के लिए भी समय तय कर दिया गया है। पहले दिन उन्हें परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले, जबकि बाकी दिनों में एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। जिले में 14 निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो औचक निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करेंगे।

-सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन अलर्ट मोड में है। हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस गार्ड तैनात किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों और ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

-माध्यमिक शिक्षा मंडल के तहत 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी और 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होंगी। प्रशासन का दावा है कि इस बार बोर्ड परीक्षा में नकल के लिए कोई जगह नहीं बचेगी।