10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Online Fraud: कैप्चा जॉब के नाम पर साइबर ठगी का जाल, घर बैठे कमाई का सपना बन रहा खतरा

Work From Home Scam: सोशल मीडिया पर फर्जी नौकरी ऑफर से सावधान, राजस्थान पुलिस ने जारी किया साईबर अलर्ट। रजिस्ट्रेशन फीस और टार्गेट गेम से ठगी, युवाओं को निशाना बना रहे ऑनलाइन ठग।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Feb 07, 2026

Cyber Police

Cyber Crime फोटो-पत्रिका

Cyber Alert: जयपुर. साईबर अलर्ट: कैप्चा जॉब के नाम पर ठगी, घर बैठे कमाई का सपना बन रहा जाल, अब राजस्थान पुलिस की बड़ी चेतावनी।

घर बैठे आसान कमाई की तलाश कर रहे युवाओं, विद्यार्थियों और गृहणियों के लिए कैप्चा भरने की ऑनलाइन नौकरी अब खतरे की घंटी बन चुकी है। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है, जिसमें ठग कैप्चा सॉल्विंग जॉब का लालच देकर लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं। पुलिस ने इसे तेजी से फैल रहा साइबर ट्रेंड बताते हुए आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है।

उप महानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम विकास शर्मा के अनुसार, जालसाज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर आकर्षक विज्ञापन डालते हैं। इनमें दावा किया जाता है कि घर बैठे केवल कैप्चा कोड टाइप कर हर महीने 20 से 30 हजार रुपए तक कमाए जा सकते हैं। कम मेहनत और ज्यादा कमाई का लालच बेरोजगार युवाओं और जरूरतमंद लोगों को जल्दी फंसा लेता है।

जैसे ही कोई व्यक्ति संपर्क करता है, उसे प्रोफेशनल दिखने वाला फर्जी जॉब एग्रीमेंट और कंपनी प्रोफाइल भेजी जाती है, ताकि सब कुछ असली लगे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, ट्रेनिंग चार्ज, सॉफ्टवेयर इंस्टॉलेशन फीस या सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर हजारों रुपये जमा करवा लिए जाते हैं। कई बार फर्जी पहचान पत्र और नकली ऑफिस एड्रेस भी साझा किए जाते हैं।

पैसे मिलने के बाद ठग एक पोर्टल का एक्सेस देते हैं, जहां कम समय में हजारों कैप्चा भरने का असंभव टार्गेट दिया जाता है। जब पीड़ित मेहनत का भुगतान मांगता है, तो गलतियों का बहाना बनाकर पैसे देने से मना कर दिया जाता है। फिर प्रोसेसिंग फीस या टैक्स के नाम पर और राशि मांगी जाती है। अंत में ठग मोबाइल बंद कर गायब हो जाते हैं।

राजस्थान साइबर पुलिस ने साफ कहा है कि कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी नौकरी देने के बदले एडवांस फीस नहीं लेती। ऐसे ऑफर पूरी तरह फर्जी होते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप से दूर रहें।

यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सावधानी ही सुरक्षा है। थोड़ी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई बचा सकती है।