
बुजुर्ग महिला के गले से चेन तोड़ ले गया (फोटो-एआई)
जयपुर: राजधानी में मानवता को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जयपुर के पॉश इलाके शिप्रापथ (मानसरोवर) में एक बदमाश ने प्यासा बनकर मदद मांगी और मौका पाकर 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके के निवासियों में डर और रोष का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मानसरोवर निवासी हरेश कुमार अग्निहोत्री ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। वारदात 10 फरवरी की शाम करीब 4 बजे की है। हरेश की 90 वर्षीय वृद्ध मां गंगा देवी घर पर अकेली थीं। तभी एक अज्ञात व्यक्ति कार से उनके घर के गेट पर पहुंचा। उसने बुजुर्ग महिला से बड़े ही विनम्र भाव से पीने के लिए पानी मांगा।
बुजुर्ग महिला मानवता के नाते पानी लेकर जैसे ही घर के बाहर आईं, कार सवार बदमाश ने अपना असली रंग दिखा दिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली। महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी फुर्ती से अपनी कार में सवार होकर रफूचक्कर हो गया।
शिप्रापथ थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाश की कार के नंबर और उसके हुलिए की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Published on:
12 Feb 2026 07:55 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
