
जयपुर. शहर में घर-घर कचरा संग्रहण पर नगर निगम लाखों खर्च कर रहा है, फिर भी बाजारों और सड़कों पर कचरे के ढेर लग रहे हैंं। शहर में फिर से कचरा डिपो बन गए हैं। बाजारों के साथ परकोटे की गलियों में भी दिनभर कचरे के ढेर पड़े रहते हैं। पत्रिका रिपोर्टर ने सोमवार को शहर के बाजारों, गलियों और मुख्य मार्गों पर घूमकर देखा तो जगह-जगह कचरा नजर आया। कई जगहों पर सीएनडी वेस्ट (मलबा) के साथ कचरा पड़ा मिला।
चारदीवारी क्षेत्र में गणगौरी बाजार, जनता मार्केट, गोपालजी का रास्ता सहित कई जगहों पर दिन में भी सड़क पर कचरा डिपो नजर आए। व्यापारियों ने बताया कि यहां रोजाना कचरे का ढेर लग जाता है, कई बार तो समय पर कचरा नहीं उठता है, जिससे बदबू आती है। ऐसे ही हाल मुख्य मार्गों पर दिखाई दिए। जवाहर नगर बाइपास पर ट्रांसपोर्ट नगर से झालाना तक मुख्य मार्ग पर ही 9 जगह कचरा डिपो नजर आए। शांति पथ के पास करीब 50 मीटर तक कचरे का ढेर नजर आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां दिनभर कचरा पड़ा रहता है।
शहर में छोटी गलियों में हूपर नहीं पहुंच रहे हैं, वहां कचरा संग्रहण की कोई व्यवस्था नहीं है। घरों का कचरा सड़क पर आ रहा है, जिससे भी कचरा डिपो नहीं हट पा रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त गौरव सैनी के साथ 10 दिन पहले व्यापारियों की बैठक हुई थी, जिसमें बाजार से कचरा डिपो हटाने की बात कही गई, लेकिन अब भी गणगौरी बाजार में कचरा डिपो बना हुआ है।
नगर निगम अपने संसाधनों से ही रोजाना शहर में एक हजार से अधिक कचरा डिपो उठवा रहा है। निगम ने 44 यूनिट लगा रखी हैं। एक यूनिट (एक जेसीबी व एक डंपर या ट्रैक्टर-ट्रॉली) रोजाना 18 से 22 डिपो उठा रही है। जबकि आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइंस, हवामहल जोन क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली कंपनी भी डिपो से कचरा उठा रही है।
कई बार शिकायत कर दी
बाजार से कचरा डिपो हटाने की कई बार शिकायत कर दी, लेकिन अब तक इसे नहीं हटाया गया है। पास में ट्रांसफार्मर है, जिससे कई बार कचरे में आग भी लग चुकी है।
- अमित जोशी, अध्यक्ष गणगौरी बाजार व्यापार मंडल
दिल्ली बाइपास पर करीब 8-9 जगह कचरा डिपो हैं, जिन पर सुबह कचरा उठ जाता है, लेकिन बाद में लोग वहां फिर से कचरा डाल जाते हैं। गलियों में हूपर नहीं पहुंचता है।
- महेन्द्र पहाड़िया, निवर्तमान पार्षद, नगर निगम
Published on:
03 Feb 2026 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
