
Jaipur Lok Sabha Seat : लोकसभा सीट जयपुर में आठ विधानसभा क्षेत्रों के 117 पोलिंग बूथ पर 50 फीसदी और इससे कम मतदान हुआ है। इनमें सर्वाधिक 44 बूथ सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के हैं। 1968 बूथ पर 51 से 90 फीसदी तक मतदान हुआ है। चुनाव आयोग की ओर सेे जारी आंकड़ों में सामने आया है कि सिविल लाइंस और सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बूथ पर 21 से 30 फीसदी मतदान हुआ है। सभी विधानसभा क्षेत्र में 12 बूथ पर 31 से 40 फीसदी मतदान हुआ है। जयपुर की आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2085 बूथ हैं।
जयपुर लोकसभा चुनाव में महज 26 पोलिंग बूथ ऐसे हैं, जहां पर 81 से 90 फीसदी मतदान हुआ है। इनमें सर्वाधिक हवामहल में 11, किशनपोल में 6, आदर्श नगर में 4, सांगानेर में 1, बगरू में 4 बूथ हैं। इसके अलावा 373 बूथ ऐसे हैं, जहां पर 71 से 80 फीसदी मतदान हुआ। 1016 बूथ ऐसे हैं जहां पर 61 से 70 फीसदी मतदान हुुआ है।
गत लोकसभा चुनाव में भाजपा को 60 हजार से सवा लाख तक की बढ़त दिलाने वाले चार विधानसभा क्षेत्रों में इस बार मतदान प्रतिशत गिरने से भाजपा का मार्जिन प्रभावित हो सकता है। इनमें मालवीय नगर, सांगानेर, विद्याधर नगर और बगरू विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। हालांकि भाजपाइयों का मानना है कि कांग्रेस के प्रति उदासीनता से कांग्रेस के मतदाता मतदान के लिए नहीं आए और अधिकांश मत भाजपा को ही मिले हैं। गत चुनाव में किशनपोल में भाजपा को 5523 और हवामहल से 12200 मतों की बढ़त मिली थी। किशनपोल के मत प्रतिशत में इस बार मामूली गिरावट आई है। पहले चरण के चुनाव में हवामहल ही ऐसा विधानसभा क्षेत्र है, जहां प्रदेश में सर्वाधिक मतदान हुआ है। इन दोनों सीटों पर इस बार कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
| विस क्षेत्र | 0-30 | 31-40 | 41-50 | 51-60 | 61-70 | 71-80 | 81-90 | 90 से अधिक | कुल |
| हवामहल | 0 | 0 | 8 | 26 | 83 | 112 | 11 | 0 | 240 |
| विद्याधर नगर | 0 | 0 | 7 | 98 | 179 | 42 | 0 | 0 | 326 |
| सिविल लाइंस | 1 | 2 | 2 | 48 | 141 | 27 | 0 | 0 | 221 |
| किशनपोल | 0 | 0 | 3 | 15 | 75 | 71 | 6 | 0 | 170 |
| आदर्श नगर | 0 | 2 | 16 | 68 | 110 | 49 | 4 | 0 | 249 |
| मालवीय नगर | 0 | 2 | 9 | 39 | 115 | 22 | 0 | 0 | 187 |
| सांगानेर | 0 | 5 | 38 | 114 | 159 | 23 | 1 | 0 | 341 |
| बगरू | 0 | 1 | 20 | 145 | 154 | 27 | 4 | 0 | 351 |
| कुल | 2 | 12 | 103 | 553 | 1016 | 373 | 26 | 0 | 2085 |
Updated on:
23 Apr 2024 10:44 am
Published on:
23 Apr 2024 10:43 am
