
लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो। फाइल फोटो- पत्रिका नेटवर्क
जैसलमेर। सुनहरे धोरों के बीच इस बार रफ्तार और रॉयल लाइफस्टाइल का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। जैसलमेर में शुक्रवार से चार दिन तक सुपर लग्जरी कारों का विशेष आयोजन शुरू हो रहा है, जिसमें देश की चुनिंदा और बेहद महंगी कारें रेगिस्तान की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दौड़ेंगी। इस आयोजन का उद्देश्य केवल ड्राइविंग नहीं, बल्कि भारत के पर्यटन स्थलों को वैश्विक मंच पर प्रमोट करना है।
इस इवेंट में कुल 14 सुपर लग्जरी कारें शामिल हैं, जिनकी कीमत ढाई करोड़ रुपए से शुरू होकर 13 करोड़ रुपए तक जाती है। सबसे बड़ा आकर्षण लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो है, जिसकी कीमत करीब 13 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह कार महज ढाई सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। जैसलमेर में इस कार को ओमान के एनआरआई फाहिम शेख और सानिया शेख चलाएंगे।
इस आयोजन को मुंबई के 43 वर्षीय इवेंट कंपनी मालिक जैन रईस आयोजित कर रहे हैं। इवेंट का नाम ‘द डेजर्ट स्ट्रॉम’ रखा गया है। उन्होंने वर्ष 2019 में अपनी पहली लग्जरी कार पोर्शे खरीदी थी। इसी दौरान उन्हें यह विचार आया कि सुपर कारों को सिर्फ शहरों की सड़कों तक सीमित रखने के बजाय देश के प्रमुख और चुनौतीपूर्ण पर्यटन स्थलों तक ले जाया जाए। इसके बाद उन्होंने ‘द सुपर कार रूट’ की शुरुआत की। इस बार रेगिस्तान की चुनौती को देखते हुए जैसलमेर को चुना गया है।
इस काफिले में लेम्बोर्गिनी के अलावा पोर्शे, जगुआर और बीएमडब्ल्यू जैसी नामी लग्जरी गाड़ियां भी शामिल हैं। यह जैसलमेर टूर चार दिनों का है, जिसमें कुल 33 सदस्य भाग ले रहे हैं। इनमें 28 प्रतिभागी और 5 क्रू मेंबर शामिल हैं। ग्रुप में मुंबई, पुणे और गुजरात के बड़े उद्योगपति और कारोबारी इस रईसी सफर का हिस्सा बने हैं। जैन रईस का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल कार चलाना नहीं है। उनके शब्दों में, हम भारत की प्राकृतिक सुंदरता, विरासत और पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाना चाहते हैं। आने वाले चार दिनों में यह सुपर कार काफिला जैसलमेर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों पर पहुंचेगा और रेगिस्तान में रफ्तार का नया अनुभव रचेगा।
Published on:
06 Feb 2026 06:08 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
