
परमाणु नगरी पोकरण में गुरुवार को एक दिवसीय मरु महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसको लेकर प्रशासन, पर्यटन विभाग, नगरपालिका व अन्य विभागों की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2008 व 2009 में पोकरण में मरु महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसके बाद 2020 में फिर मरु महोत्सव आयोजित किया गया था। कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण वर्ष 2021 आयोजन नहीं हो सका था। इसके बाद 2022 से लगातार मरु महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी मरु महोत्सव का आयोजन हो रहा है। प्रशासन व पर्यटन विभाग की ओर से मरु महोत्सव को लेकर तैयारियोंं को अंतिम रूप दिया गया है और ऐतिहासिक आयोजन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों को जिम्मेवारियां सुपुर्द की गई है।
मरु महोत्सव के प्रभारी व उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र के लोहारकी गांव में शाम को होने वाले कार्यक्रम के स्थल का जायजा लिया। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही विशेष रूप से यहां आने वाले पर्यटकों व दर्शकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका ख्याल रखने के लिए निर्देशित किया।
उपखंड अधिकारी चारण ने बताया कि गुरुवार को सुबह 9 बजे सालमसागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती की जाएगी। इसके बाद फोर्ट से शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसे अतिथि हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान पहुंचेगी। इस दौरान रास्ते में कलाकारों की ओर से कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके बाद राउमावि मैदान में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राउमावि मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें लोक कलाकारों की ओर से प्रस्तुतियां दी जाएगी। यहां मिस पोकरण व मिस्टर पोकरण प्रतियोगिताएं होगी। इसके अलावा अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
शाम 7.30 बजे क्षेत्र के लोहारकी गांव में स्थित रेतीले धोरों में कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां लोक कलाकार मोतीखां की ओर से गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके अलावा अन्य कलाकार भी कार्यक्रम पेश करेंगे।
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में मरु महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर यहां आकर्षक शामियाना लगाया गया है और सैकड़ों लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार शाम को होने वाले कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोहारकी गांव में रेतीले धोरों पर भी शामियाना लगाकर सैकड़ों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मरु महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासन व नगरपालिका की ओर से विशेष तैयारियां की गई है। नगरपालिका की ओर से मुख्य चौराहों पर रोशनी की गई है। साथ ही जगह-जगह स्वागत द्वार भी बनाए जा रहे है। परमाणु नगरी को पर्यटन के मानचित्र पर उभारने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे है। मरु महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आ रहा है।
Published on:
28 Jan 2026 11:47 pm

बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
