11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Spring Skincare Tips: गर्मी में भी चेहरे पर बनी रहेगी गुलाबी निखार और स्किन रहेगी सॉफ्ट, बस करें ये 7 काम

Spring Skincare Tips: इन दिनों एक तरफ जहां रात और सुबह में अभी भी हल्की-हल्की ठंड महसूस हो रही है, वहीं दूसरी तरफ दिन में गर्मी भी शुरू हो चुकी है। इसका सीधा असर बालों और चेहरे पर पड़ रहा है। ऐसे में अगर आप भी अपने डल और बेजान चेहरे में रौनक लाना चाहते हैं, तो आप यहां बताए गए घरेलू नुस्खों को अपनाकर हेल्दी और ग्लोइंग स्किन पा सकते हैं।

3 min read
Google source verification
Spring Skincare Tips

Spring Skincare Tips (photo- freepik)

Spring Skincare Tips: एक तरफ जहां सर्दियां लगभग खत्म होने वाली हैं, वहीं दूसरी तरफ गर्मियों की शुरुआत भी हो चुकी है। इसका असर खान-पान के साथ-साथ बालों और चेहरे पर भी दिखने लगा है। एक तरफ जहां सुबह और शाम में अब भी कुछ गर्म खाने का मन कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ दिन में ठंडी चीजें खाने की इच्छा भी हो रही है। इसके अलावा कभी सर्द तो कभी गर्म हवाओं के चलने के कारण चेहरे की रौनक भी धीरे-धीरे खोने लगी है। ऐसे में अगर आप भी अपने बेजान चेहरे में फिर से निखार लाना चाहते हैं, तो यहां बताए गए घरेलू नुस्खों की मदद से हेल्दी और ग्लोइंग स्किन पा सकते हैं।

हाइड्रेशन है जरूरी

सर्दियों में कड़ाके की ठंड की वजह से ज्यादातर लोग पानी पीना कम कर देते हैं, लेकिन अब धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। ऐसे में अगर आप हेल्दी और ग्लोइंग स्किन चाहते हैं, तो रोजाना शरीर की जरूरत के अनुसार पानी पीना शुरू कर दें। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से त्वचा हाइड्रेटेड रहती है, जिससे स्किन का फटना भी काफी हद तक कम हो जाता है। इसके अलावा अगर आपकी स्किन ज्यादा ड्राई रहती है, तो आप हयालुरोनिक एसिड युक्त सीरम या मॉइस्चराइजर जैसे हाइड्रेटिंग स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

क्लींजर का करें इस्तेमाल

सर्दियों में ज्यादातर लोग चेहरे को साफ करने के लिए क्लींजर का इस्तेमाल कम करते हैं, लेकिन मौसम बदलने के साथ अब इसकी जरूरत बढ़ जाती है। इसलिए इन दिनों फेस को हेल्दी रखने के लिए एक माइल्ड और नेचुरल क्लींजर का इस्तेमाल करें, जो त्वचा को गहराई से साफ करने के साथ-साथ उसकी जरूरी नमी भी बनाए रखे।

सनस्क्रीन जरूर लगाएं

सूरज की किरणें त्वचा पर गहरा असर डालती हैं, जिससे डार्क स्पॉट्स और एजिंग की समस्या बढ़ सकती है। लेकिन फिर भी ज्यादातर लोग स्किन केयर करने के बाद सनस्क्रीन लगाना भूल जाते हैं या इसे जरूरी नहीं समझते। ऐसे में चाहे आप कितनी भी अच्छी स्किन केयर क्यों न करें, त्वचा डल और बेजान ही नजर आती है। इसलिए घर से बाहर निकलते समय या घर के अंदर रहते हुए भी हमेशा 30 SPF या उससे अधिक वाले ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन का इस्तेमाल जरूर करें।

एक्सफोलिएशन भी है जरूरी

समय-समय पर एक्सफोलिएशन न करने से चेहरे पर डेड स्किन सेल्स जमा हो जाती हैं। इससे स्किन केयर का पूरा फायदा नहीं मिल पाता और चेहरे की चमक खोई-खोई सी लगती है। इसलिए हफ्ते में कम से कम 1 से 2 बार अपनी स्किन टाइप के अनुसार एक्सफोलिएशन जरूर करें, ताकि डेड सेल्स हटें और त्वचा साफ व निखरी दिखे।

होममेड फेस पैक

एक्सफोलिएशन के बाद चेहरे को जरूरी पोषण देने के लिए दही और शहद जैसी मॉइस्चराइजिंग चीजों से बना होममेड फेस पैक भी आप इस्तेमाल कर सकते है। दरअसल, केमिकल से भरे फेस पैक भले ही कुछ मिनटों में निखार दे देते हैं, लेकिन ये बाद में त्वचा को पहले से भी ज्यादा रूखा और बेजान बना सकते हैं। वहीं होममेड फेस पैक में मौजूद दही त्वचा को मॉइस्चराइज करता है और शहद त्वचा को प्राकृतिक चमक देने में मददगार होता है।

नाइट स्किन केयर भी है जरूरी

दिनभर की थकान के बाद अगली सुबह फ्रेश और ग्लोइंग स्किन पाने के लिए रात में सोने से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ कर नाइट स्किन केयर जरूर करें। इससे त्वचा में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और स्किन को रिपेयर होने के लिए जरूरी पोषण मिलता है, जिससे अगली सुबह त्वचा सॉफ्ट और चमकदार नजर आती है।

हेल्दी डाइट

हेल्दी और ग्लोइंग स्किन के लिए जितना जरूरी स्किन केयर है, उतना ही जरूरी सही खान-पान भी होता है। इसलिए अपनी डाइट में संतरा, कीवी, स्ट्रॉबेरी, पालक, नट्स, मछली, अलसी के बीज और अखरोट जैसे एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-सी से भरपूर फल-सब्जियों के साथ-साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड युक्त खाद्य पदार्थ भी शामिल करें।