
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय एक बार फिर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस बार किसी धरना-प्रदर्शन या राजनीतिक मुद्दे को लेकर नहीं, बल्कि एक शादी को लेकर सुर्खियों में है। दरअसल, हंसराज कॉलेज के प्रिंसिपल ने अपने बेटे की शाही शादी कॉलेज परिसर में कराई। जिस मैदान में खेल गतिविधियां, शैक्षणिक या कॉलेज से जुड़े कार्यक्रम होने चाहिए थे, वहां शादी का पंडाल लगाया गया। छात्रों का गुस्सा इसलिए फूटा क्योंकि ‘खेलो हंसराज’ कार्यक्रम रद्द कर शादी का आयोजन किया गया था।
आपको बता दें कि इस कॉलेज में हर साल 'खेलो हंसराज' स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है, जिसमें छात्र कई प्रकार के खेलों में भाग लेते हैं। इस साल यह टूर्नामेंट 4 फरवरी से 27 फरवरी के बीच होना था। छात्रों का कहना है कि जब वे तैयारी के साथ ग्राउंड पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वहां पर खेल से संबंधित कोई व्यवस्था नहीं है। वहां पर टेंट लगाया जा रहा है और सजावट की जा रही है। छात्रों का आरोप है कि उन्हें पता भी नहीं था कि हर साल होने वाले टूर्नामेंट को इस बार रद्द कर दिया गया है। बिना छात्रों को सूचित किए ही उनके खेल ग्राउंड में शादी की तैयारी चल रही थी। कॉलेज के इस कारनामे से नाराज छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया।
विवाद उस वक्त और गहरा गया, जब शादी का निमंत्रण पत्र सार्वजनिक हुआ। एक प्रोफेसर द्वारा साझा किए गए कार्ड में विवाह स्थल के रूप में साफ तौर पर ‘गेट नंबर 5, हंसराज कॉलेज’ लिखा हुआ है, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि समारोह कॉलेज परिसर में ही आयोजित किया गया था। इसके बाद छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। शादी की भव्य सजावट और व्यवस्थाओं के कारण कॉलेज का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया, जिससे छात्रों को वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि अब छात्रों को टीचर फ्लैट्स के रास्ते लंबा चक्कर लगाकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
प्रिंसिपल के बेटे की शादी 10 फरवरी को होनी थी, लेकिन छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन को यह फैसला वापस लेना पड़ा। प्रशासन की ओर से एक नोटिस जारी कर स्पष्ट किया गया कि शादी में आने वाले किसी भी मेहमान को हॉस्टल परिसर में ठहरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि विरोध करने वाले किसी भी छात्र पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने जल्द ही ‘खेलो हंसराज’ स्पोर्ट्स टूर्नामेंट आयोजित कराने का भी आश्वासन दिया है।
Published on:
10 Feb 2026 11:23 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
