2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय! दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में बारिश-बर्फबारी के आसार, IMD Alert

Weather Forecast: मौसम विभाग का कहना है कि तीन फरवरी तक दो पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखाएंगे। इसके बाद पांच फरवरी से तीसरा पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जो दिल्ली-एनसीआर समेत पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी कराएगा।

3 min read
Google source verification
Weather Forecast 3 Western Disturbances active Rain and snowfall expected in Delhi-NCR and hill states IMD Yellow alert

Weather Forecast: साल 2025 में मानसून अपने समय से पहले देश में एंट्री कर गया था। इसके बाद से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। वैसे तो औसतन चार महीने ही बारिश होती है, लेकिन इस बार कुछ राज्यों में सर्दियों ‌के दौरान भी बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा। इससे जहां ठिठुरन और गलन में इजाफा हुआ, वहीं कई राज्यों में कोहरे के प्रभाव में कमी देखी गई। अब एक बार मौसम विभाग ने फिर दिल्ली-एनसीआर समेत कुछ राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो अगला एक सप्ताह यानी 31 जनवरी से सात फरवरी तक बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। मौसम में यह बदलाव तीन पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से आने की संभावना है।

‌दिल्ली-एनसीआर के लिए जानिए क्या है मौसम अपडेट?

बात अगर दिल्ली-एनसीआर की करें तो मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में 31 जनवरी से सात फरवरी तक तीन पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे। इसके चलते जहां हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होगी, वहीं मैदानी क्षेत्रों में बेमौसम बारिश की संभावना है। बात अगर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत की करें तो कई इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। बहरहाल, अगले एक सप्ताह में एक्टिव होने वाले तीन पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली-एनसीआर का मौसम जरूर बदलेंगे। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पहला और दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच सक्रिय रहेगा, जबकि तीसरा पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी से असर दिखाना शुरू करेगा।

ठंड बढ़ी, प्रदूषण में राहत

बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ गई है, लेकिन प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 153 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह 192 था। तेज हवाओं और बारिश के कारण पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते ठंड का सिलसिला अभी कुछ दिन और बना रहेगा।

शनिवार रात से बदलेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली और एनसीआर में शनिवार रात से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में संशोधन करते हुए बताया है कि पहले जहां तीन दिन बारिश की संभावना जताई गई थी, अब केवल रविवार तक ही बारिश के आसार हैं। शनिवार रात को आसमान में बादल छा सकते हैं और गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली कड़कने की भी संभावना जताई गई है।

रविवार को बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने रविवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी, जिससे ठंड में इजाफा होगा। मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी की मानें तो 1 से 6 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 2 से 6 फरवरी के बीच सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।

अब जानिए क्या रहा दिल्ली-एनसीआर का तापमान?

शनिवार को दिल्ली में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री, लोधी रोड में 7.1, रिज में 7.7 और आयानगर में 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 1 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री, 2 फरवरी को 11 से 13 डिग्री और 4 फरवरी तक 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 5 और 6 फरवरी को तापमान गिरकर 7 से 9 डिग्री तक पहुंच सकता है।