
1.63 करोड़ की ठगी कर 15 कार गिरवी रखीं, आरोपी गिरफ्तार
1.63 करोड़ की ठगी कर 15 कार गिरवी रखीं, आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) में गाड़ियां किराए पर लगाने का झांसा देकर 39 लग्जरी कारों की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अभय सिंह भदौरिया पहले से ही महाराजपुरा थाने का वारंटी है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 2999/25 में धारा 138 के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी था, इसके बावजूद वह बेखौफ होकर ठगी का नेटवर्क चला रहा था।
मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और ट्रैवल्स कारोबारियों से ठगी गई 15 कारें बरामद की हैं। पुलिस को आशंका है कि इस ठगी में आरोपी के अन्य साथी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
आरोपी अभय सिंह पुत्र अरविंद भदौरिया, निवासी जीएम-144, दीनदयाल नगर, खुद को अवंटेक्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मैनेजर बताकर ट्रैवल्स कारोबारियों को झांसे में लेता था। वह दावा करता था कि एनएचएआई के हाईवे प्रोजेक्ट के लिए लग्जरी गाड़ियों की आवश्यकता है।
आरोपी 7-सीटर गाड़ी का 50 हजार और 5-सीटर गाड़ी का 40 हजार रुपये मासिक किराया देने का लालच देता था। इसी बहाने उसने 39 गाड़ियां जुटाईं और बाद में सभी वाहनों को गिरवी रखकर मोटी रकम हड़प ली।
हाईवे प्रोजेक्ट में वाहन लगाने का हवाला देकर आरोपी ने भास्कर शर्मा (निवासी शताब्दीपुरम) से 19 और रघुवीर रजक (निवासी पुरानी छावनी) से 20 कारें हासिल कीं। न तो गाड़ियों का किराया दिया गया और न ही वाहन लौटाए गए।
जब पीड़ितों ने अपने स्तर पर जांच की तो सामने आया कि अवंटेक्स कंपनी का आरोपी से कोई संबंध नहीं है। भास्कर शर्मा के अनुसार, काफी प्रयासों के बाद केवल दो गाड़ियां ही वापस मिल सकीं।
सीएसपी नागेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान पहली खेप में गिरवी रखी गई 15 कारें बरामद कर ली गई हैं। शेष वाहनों की तलाश जारी है। आरोपी के बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ठगी की रकम करीब 1.63 करोड़ रुपये सामने आई है।
Published on:
04 Feb 2026 06:08 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
