10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नशे की सनक में नाबालिग का उत्पात: ग्वालियर में एटीएम फूंका, कारें जलाईं, माता-पिता बोले– जेल भेज दो

जब मां-बाप बोले– सुधार नहीं, सजा चाहिए: नाबालिग की हिंसा से कांपा इलाका

2 min read
Google source verification
ग्वालियर। शहर के सागरताल इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग की नशे की लत ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

ग्वालियर। शहर के सागरताल इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग की नशे की लत ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

ग्वालियर। शहर के सागरताल इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग की नशे की लत ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। महज दो दिनों के भीतर किशोर ने एक बैंक एटीएम में आग लगा दी, रिहायशी इलाके में खड़ी कार को फूंक दिया और पार्षद पति की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। हालात इतने बिगड़ गए कि उसके माता-पिता ने खुद पुलिस से कह दिया— “हम इससे तंग आ चुके हैं, इसे सुधार गृह नहीं, जेल भेज दो।”

घर से झगड़कर निकला, एटीएम में लगाई आग

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग पांच दिन पहले घर में विवाद के बाद बाहर निकला था। दो दिन पहले उसने किलागेट चौराहा स्थित एक बैंक के एटीएम में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। एटीएम का सेफ्टी अलार्म बजते ही बैंक के मुंबई मुख्यालय से ग्वालियर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो गया।

पच्चीपाड़ा में कार जलाई, पार्षद पति की गाड़ी तोड़ी

एटीएम के बाद किशोर ने पच्चीपाड़ा इलाके में शंकर सिंह तोमर की कार के बोनट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वार्ड 13 की पार्षद ज्योति सिंह के पति दिनेश सिंह सिकरवार की कार (MP 07 CG 3472) पर पत्थर बरसाकर कांच तोड़ दिए। एक के बाद एक हुई घटनाओं से इलाके में डर का माहौल बन गया।

सीसीटीवी से पकड़ में आया, मां-बाप ने खड़े किए हाथ

एटीएम और बस्ती में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस नाबालिग तक पहुंची। पुलिस के घर पहुंचते ही माता-पिता टूट गए। उन्होंने बताया कि बेटा नशे का आदी है और गलत संगत में रहता है। अब वे उसे संभाल पाने में असमर्थ हैं और कानून जो सजा दे, उन्हें मंजूर है।

पुलिस का बयान

“एटीएम और कारों में आगजनी व तोड़फोड़ के मामले में एक नाबालिग को पकड़ा गया है। उसे बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है। वह किसी ठोस वजह की बजाय सिर्फ सनक की बात कर रहा है।”
अनु बेनीवाल, एएसपी, ग्वालियर

बढ़ता सवाल: नशे में डूबते नाबालिग

यह घटना समाज के लिए चेतावनी है। नशे की लत, गलत संगत और निगरानी की कमी किशोरों को अपराध की राह पर धकेल रही है। जब माता-पिता खुद अपने बच्चे को कानून के हवाले करने को मजबूर हों, तो यह पूरे सिस्टम के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।