
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा के साथ कलक्ट्रेट में उपखण्ड कार्यालय की तलाशी के दौरान टीम।
अजमेर(Ajmer news). जिला कलेक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बुधवार को प्रशासन में हड़कंपमच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। कलक्ट्रेट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। जिससे पुलिस व प्रशासन ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे अजमेर कलक्टर को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कलक्ट्रेट परिसर को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियातन कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवाया गया तथा वहां मौजूद कर्मचारियों और आमजन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिर अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर नरेन्द्र मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अजमेर ग्रामीण) दीपक कुमार शर्मा व सीओ नॉर्थ शिव जोशी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।
कलक्ट्रेट की द्वितीय मंजिल को आईईडी से उड़ाने की धमकी दी थी। विस्फोट का समय सुबह 11.50 बजे का दिया था। सुरक्षा के लिहाज से कलक्ट्रेट परिसर की तलाशी ली गई। दिसम्बर से अब तक तीसरी धमकी दी गई है। पुलिस की साइबर टीम जांच कर रही है।
नरेन्द्र मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर
धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साइबर टीम को जांच में लगाया गया है और ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि उसके स्रोत का पता लगाया जा सके।
दीपक कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजमेर ग्रामीण
Updated on:
11 Feb 2026 12:52 pm
Published on:
11 Feb 2026 12:43 pm
