
जिले के राहतगढ़ थाना की पुलिस के साथ बीती रात एक नाटकीय घटनाक्रम हुआ। राहतगढ पुलिस को दरअसल रात करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि पास के ही पिपरिया खास गांव में कुछ लोग मारपीट कर रहे है। इस पर डायल-112 की टीम तुरंत इवेंट क्रिएट कर घटनास्थल की ओर रवाना हुई। पुलिसकर्मी पूरी तरह से मारपीट के मामले को संभालने के मूड में थे, लेकिन रास्ते में कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरी कहानी ही पलट दी। रास्ते में बासौदा की दिशा से आ रही एक बाइक सवार युवकों की जोड़ी को पुलिस ने देखा। जैसे ही पुलिस की गाड़ी नजर आई, दोनों युवक घबराकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने सोचा कि शायद ये शराब तस्कर हैं, क्योंकि रात के समय बाइक पर कोई बड़ा बैग लादे जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों आरोपियों ने बाइक सहित बैग फेंककर जंगल की ओर फरार हो गए।
जब पुलिस ने उस बैग को खोला तो सबके होश उड़ गए। बैग में न केवल भारी मात्रा में नकदी थी, बल्कि सोने-चांदी के जेवरात भी भरे पड़े थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बरामद नकदी और जेवरात की कुल कीमत 30 से 35 लाख रुपए के आसपास है। पुलिस ने मौके पर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी विदिशा जिले के गंज बासौदा क्षेत्र के त्योदा से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर सागर की ओर भाग रहे थे। उन्होंने किसी घर में सेंध लगाकर लाखों के कैश और आभूषण लूटे थे।
पुलिस की मारपीट वाली कॉल पर निकली टीम अनजाने में ही एक बड़ी चोरी के मुख्य आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे चोरी के पूरे गिरोह का खुलासा होने की उम्मीद है।
Published on:
25 Jan 2026 05:05 pm
