
सिवनी. लोकसभा एससी-एसटी कल्याण समिति सभापति एवं सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक शनिवार को जिला पंचायत सिवनी के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। इसके पश्चात पीएचई एवं जल निगम विभाग द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल एवं समूह नल जल योजनाओं की स्वीकृति, पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। सांसद ने स्रोत अथवा अन्य कारणों से बंद नल जल योजनाओं को पुन: क्रियान्वित करने तथा ग्रीष्मकाल में शत-प्रतिशत ग्रामों में सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम अंतर्गत संचालित समूह नल जल योजनाओं की योजनावार प्रगति, शामिल ग्रामों एवं जलापूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जल संसाधन विभाग एवं पेंच परियोजना की समीक्षा के दौरान रबी सिंचाई की योजनावार प्रगति पर चर्चा हुई। पेंच नहर से हो रही सिंचाई व्यवस्था में सुधार कर जल अपव्यय रोकने तथा सतत मॉनिटरिंग रखते हुए ग्रीष्मकाल में सभी छोटे-बड़े बांधों में पेयजल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पर्याप्त जल भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
किसानों के लिए आयोजित होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
बैठक में कृषि विभाग द्वारा फसल बोनी एवं खाद-बीज उपलब्धता की समीक्षा की गई। डीडीए द्वारा रबी सीजन में बोई गई फसलों एवं रकबे की जानकारी दी गई। ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण की प्रक्रिया की जानकारी प्रस्तुत की गई। सांसद ने ई-टोकन प्रणाली को छोटे किसानों के लिए अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने पर जोर देते हुए किसानों को इसकी संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देने एवं प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही संतुलित उर्वरक उपयोग और नरवाई प्रबंधन को लेकर भी विशेष प्रयास करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। वन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं वनाधिकार अधिनियम के तहत सामुदायिक पट्टी की समीक्षा की गई। इसके अलावा जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के दौरान ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डेहरिया, विभिन्न जनपद एवं नगरीय निकायों के अध्यक्षों के साथ कलेक्टर शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, सीईओ जिला पंचायत अंजली शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
01 Feb 2026 03:02 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
