1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : 2.87 करोड़ का डोड पोस्त बरामद, 96 कट्टों में भरकर हो रही थी तस्करी

पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने ट्रक में गेहूं के कट्टों के बीच में डोडा पोस्त से भरे कट्टे रखे थे। पुलिस ने ट्रक से डोडा पोस्त से भरे 96 कट्टे बरामद किए।

2 min read
Google source verification
doda post

पकड़ा गया डोडा पोस्त (फोटो-पत्रिका)

सिरोही। आगामी पंचायतीराज चुनावों में अवैध मादक पदार्थों की मांग व खपत बढ़ने की आशंका को लेकर जोधपुर रेंज की स्पेशल टीम ने कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष अभियान के तहत पुलिस ने पिंडवाड़ा में हाईवे संख्या 27 पर मोरस टोल के पास तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

जोधपुर रेंज स्पेशल टीम व पिंडवाड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर नाकाबंदी के दौरान अवैध डोडा पोस्त से भरा ट्रक पकड़ा। पुलिस ने ट्रक से 19 क्विंटल 14 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.87 करोड़ रुपए बताई जा रही है। डोडा पोस्त को मध्य प्रदेश के मंदसौर से बाड़मेर की तरफ ले जाया जा रहा था।

14 चक्का ट्रक से हो रही थी तस्करी

जोधपुर रेंज महानिरीक्षक राजेश मीणा की ओर से चलाए गए अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में पिंडवाड़ा थाना प्रभारी हुकुम सिंह व रेंज स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। 14 चक्का ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में डोडा पोस्त मिला। इस मामले में बाकासर सरली बाड़मेर निवासी आरोपी जेठाराम पुत्र बोहराराम जाट को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।

गेहूं की आड़ में मादक पदार्थ तस्करी

एसपी ने बताया कि आरोपी गेहूं की आड़ में मादक पदार्थ तस्करी कर रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने ट्रक में गेहूं के कट्टों के बीच में डोडा पोस्त से भरे कट्टे रखे थे। पुलिस ने ट्रक से डोडा पोस्त से भरे 96 कट्टे बरामद किए।

तस्करों का नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मामले की जांच थानाधिकारी महेन्द्र सिरवी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जिले में 6 माह के भीतर हुई कार्रवाई

जिला पुलिस अधीक्षक शिवरान ने बताया कि सिरोही जिले में गत 6 माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 30 प्रकरण दर्ज कर मौके से 47 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 3384 किलो 394 ग्राम डोडा पोस्त, 78 किलो 2 ग्राम गांजा, 770 ग्राम अफीम व 1.70 मिलीग्राम स्मैक सहित कुल 3463 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

परिवहन में प्रयुक्त वाहन 17 कार, 2 बाइक, एक पिकअप, एक ट्रैक्टर, एक जीप व एक ट्रक को जब्त किया गया। बरामद अवैध मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 50 लाख 37 हजार 410 रुपए है। इसके अलावा जुलाई 2025 से अब तक आबकारी अधिनियम के तहत 27 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 5880 कर्टन शराब जब्त कर 15 बड़े व 12 छोटे वाहन जब्त किए। जब्त शराब की कीमत करीब 4.16 करोड़ रुपए है।