
माउंट आबू @ पत्रिका. माउंट आबू के धार्मिक व दर्शनीय स्थल अधर देवी, अचलगढ़ स्थित मंदाकिनी कुंड व चंपा गुफा का 1.85 करोड़ रुपए से विकास होगा। यह राशि गत बजट में राज्य सरकार ने स्वीकृत की थी, जिसका अब कार्य शुरू किया गया है। विधायक समाराम गरासिया ने शनिवार को इन दर्शनीय स्थलों के विकास कार्य का शिलान्यास किया।
इस दौरान विधायक गरासिया ने कहा कि पर्यटन स्थल माउंट आबू के विकास को लेकर राज्य सरकार कृतसंकल्प है। यहां आने वाले सैलानियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए दर्शनीय स्थलों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने शनिवार को अधर देवी स्थित दूध बावड़ी के पास विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि माउंट आबू के सौंदर्यीकरण से लेकर चहुंमुखी विकास को हर सूरत में प्राथमिकता दी जाएगी। यहां के विधिवत विकास की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए कार्य आरंभ कर दिया है।
तीनों स्थलों का विकास कार्य शुरू
उपखंड अधिकारी डॉ अंशु प्रिया ने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के अनुसार अचलगढ़ स्थित मंदाकिनी कुंड का 99.17 लाख की लागत से विकास कार्य होगा। अधर देवी मंदिर का 52.49 लाख की लागत से विकास कार्य होगा और 34 लाख की लागत से चंपा गुफा का विकास कार्य आरंभ कर दिया गया है।
पालिका आयुक्त आशुतोष आचार्य ने कहा कि पर्यटकों को सुविधा देने के लिए विकास कार्यों को शीघ्र ही मूर्तरूप दे दिया जाएगा। जिसके लिए तीनों दर्शनीय स्थलों को विकसित करने का कार्य आरंभ किया गया।
यह होंगे विकास कार्य
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान ने कहा कि अध रदेवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शौचालय निर्माण, दूध बावडी का सौंदर्यकरण, हनुमान मंदिर का टीन शेड, सीढिय़ों के पास सुरक्षा दीवार, लाईट, सौंदर्यकरण होगा। अचलगढ़ स्थित मंदाकिनी कुंड की मरम्मत व सौंदर्यकरण के लिए हेरीटेज पोल, पार्किंग सुविधा, शौचालय निर्माण कार्य होगा। चंपा गुफा को बेहतर तरीके से विकसित किए जाने का भी कार्य किया जा रहा है। मंदिर पुजारी भरत रावल ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद साबिर कुरैशी, सुनील आचार्य, मंगल सिंह, लक्ष्मण प्रजापत, प्रज्ञा चौरसिया, भंवर सिंह मेड़तिया, छोटे लाल चौरसिया, अभिनंदन दीक्षित, अशोक शर्मा, विजय सिंह, सुरेंद्र गिरी, सलिल कालमा, प्रदीप अग्रवाल, टेकचंद भंभानी, बृजेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
Updated on:
01 Feb 2026 01:40 pm
Published on:
31 Jan 2026 10:24 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
