
Image Credits: ANI
ICC T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में बुधवार को एक नया अध्याय जुड़ गया जब दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान (south africa vs afghanistan) के बीच मुकाबला दो बार सुपर ओवर (super over) में गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में दोनों टीमों ने 187 रन बनाए, जिसके बाद पहले सुपर ओवर में भी दोनों टीमों ने 17 रन बनाए। दूसरा सुपर ओवर भी बेहद नजदीकी रहा मगर आखिरकार दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से जीत दर्ज की।
यह मैच टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का पहला ऐसा मुकाबला बना जो दोबारा सुपर ओवर तक गया। राहमानुल्लाह गुरबाज की धमाकेदार 84 रन की पारी के बावजूद अफगानिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। 2007 से लेकर अब तक कुल छह टी20 वर्ल्ड कप मैच टाई हुए हैं, जिनमें से हर एक ने टूर्नामेंट के इतिहास और टी20 क्रिकेट फॉर्मेट पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
14 सितंबर 2007 को डरबन में भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का पहला टाई मैच हुआ। रॉबिन उथप्पा (50) और मिस्बाह-उल-हक (53) की पारियों के बाद दोनों टीमें 141 रन पर रुकी। विजेता का फैसला बॉल-आउट से किया गया जिसमें सहवाग, हरभजन और उथप्पा ने स्टंप हिट किए जबकि पाकिस्तान के तीनों गेंदबाज चूक गए। भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की।
27 सितंबर 2012 को पल्लेकेले में टी20 वर्ल्ड कप का पहला सुपर ओवर देखने को मिला। तिलकरत्ने दिलशान (76) और रॉब निकोल (58) की पारियों के बाद दोनों टीमों ने 174 रन बनाए। सुपर ओवर में श्रीलंका ने 13 रन बनाए जबकि न्यूजीलैंड सिर्फ 8 रन बना सका। लसिथ मलिंगा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका ने जीत हासिल की।
1 अक्टूबर 2012 को पल्लेकेले में वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड का मुकाबला 139 रन पर टाई हुआ। सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने 17 रन बनाए। पहली नो-बॉल गेंद पर क्रिस गेल और आखिरी गेंद पर मार्लन सैमुअल्स ने छक्का लगाया, जिसकी मदद से वेस्टइंडीज ने 18 रन बनाए और मैच जीत लिया।
2 जून 2024 को बारबाडोस में नामीबिया और ओमान दोनों टीमें 109 रन पर ढेर हो गई। अंतिम 18 गेंदों में 18 रन चाहिए थे मगर नामीबिया बराबरी ही कर सका। सुपर ओवर में डेविड वीज ने बल्ले से 13 रन बनाए और गेंद से ओमान को 10 रन पर रोककर नामीबिया को जीत दिलाई।
6 जून को डलास में अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर इतिहास रच दिया। मोनांक पटेल (50) की अर्धशतकीय पारी के बाद दोनों टीमों ने 159 रन बनाए। सुपर ओवर में अमेरिका ने 18 रन बनाए जबकि सौरभ नेत्रवलकर की शानदार गेंदबाजी ने पाकिस्तान को 13 रन तक सीमित रखा।
Published on:
11 Feb 2026 04:37 pm
