1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News: मेहंदी भी नहीं उतरी थी, नवविवाहिता का उजड़ गया सुहाग, गमगीन माहौल में अंतिम विदाई

रावला थाना क्षेत्र के चक 1 केएलएम गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव सड़क किनारे मिला, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गई। मृतक की पहचान आशीष सांसी के रूप में हुई है।

2 min read
Google source verification
Sri Ganganagar Accident

फोटो पत्रिका नेटवर्क

श्रीगंगानगर। रावला थाना क्षेत्र के चक 1 केएलएम गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव सड़क किनारे मिला, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गई। मृतक की पहचान आशीष सांसी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे के बीच आशीष अपने गांव के पास बनी ढाणी में परिवार के साथ रहता था। वह खाना खाने के बाद पत्नी अंजू सांसी के साथ टहलने के लिए घर से निकला था। दोनों जैसे ही मुख्य सड़क पर खेत चानणराम के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने तेज व लापरवाही से चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

पत्नी को किया बीकानेर रेफर

हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे एक राहगीर ने युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा, जबकि उसकी पत्नी पास ही अचेत अवस्था में मिली। इस पर उसने तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई सुरेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रावला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। वहीं पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया।

तीन माह पहले हुई थी शादी

आशीष सांसी और उसकी पत्नी अंजू की शादी करीब तीन माह पहले हुई थी। अंजू के हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार जिस सड़क पर दुर्घटना हुई, वहां आमतौर पर वाहनों की आवाजाही कम रहती है। इसके बावजूद अज्ञात वाहन की टक्कर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। मृतक के चाचा बजीरचंद सांसी ने रावला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

सभी संभावित पहलुओं से गहन जांच जारी

शनिवार को रावला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनूपगढ़ पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कौशिक ने थाना प्रभारी बलवंत कुमार के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं से गहन जांच जारी है।