
Kantara Chapter 1 Actor ED Summon (सोर्स- एक्स)
Kantara Chapter 1 Actor ED Summon: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और 'कांतारा: चैप्टर 1' में राजा राजशेखर की भूमिका निभा चुके जयराम एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि एक हाई-प्रोफाइल जांच है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें सबरीमाला मंदिर से जुड़े कथित गोल्ड चोरी मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा है। जयराम को 17 फरवरी को जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
सबरीमाला अयप्पा मंदिर से जुड़े इस मामले ने केरल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक हलचल मचा दी है। आरोप है कि मंदिर से जुड़े कुछ पवित्र आभूषणों और सोने से मढ़े तांबे के प्लेट्स का इस्तेमाल निजी धार्मिक अनुष्ठानों में किया गया। यह कथित रूप से वर्ष 2019 की बात बताई जा रही है। इसी कड़ी में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत केस दर्ज किया और जांच का दायरा बढ़ाया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक जयराम को फिलहाल आरोपी नहीं बनाया गया है। उन्हें केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया है ताकि यह समझा जा सके कि वे किन धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए और उनकी भूमिका क्या थी। इससे पहले स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने चेन्नई स्थित उनके आवास पर उनसे सवाल-जवाब किए थे। अब ED इस मामले में वित्तीय कनेक्शन और अनुष्ठानों से जुड़े पहलुओं को खंगालना चाहती है।
इस केस में बेंगलुरु के कारोबारी और पूर्व मंदिर पुजारी उन्नीकृष्णन पोट्टी को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। उन पर मंदिर के रखरखाव के दौरान सोने की हेराफेरी का आरोप है। हालांकि, समयसीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल न होने के कारण उन्हें वैधानिक जमानत मिल चुकी है। इसके बावजूद ED की जांच जारी है और आने वाले दिनों में उनसे भी दोबारा पूछताछ की जा सकती है।
SIT की जांच में यह भी सामने आया है कि सबरीमाला मंदिर से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कथित तौर पर सोने को हटाया गया। एक मामला द्वारपालक और दूसरा गर्भगृह के दरवाजों से जुड़ा बताया गया है। अब तक इस केस में 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के दो पूर्व अध्यक्षों के नाम भी शामिल हैं।
जयराम, जिनका पूरा नाम जयराम सुब्रमणियम है, मलयालम, तमिल और कन्नड़ सिनेमा का बड़ा नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म अपरन से की थी और इसके बाद कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें साल 2011 में पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया। हाल ही में वह मिराई और कांतारा: ए लेजेंड चैप्टर 1 जैसी फिल्मों में नजर आए थे।
ED की पूछताछ के बाद इस मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, जयराम पर किसी भी तरह का आरोप तय नहीं हुआ है, लेकिन जांच एजेंसियों की नजरें अब उनके बयान पर टिकी हैं।
Published on:
10 Feb 2026 04:36 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
