पंधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बस दुर्घटना में 17 लोग घायल हो गए। घटना शनिवार शाम 5 बजे घाटा खेड़ी के आगे तेलिया बाबा के पास की है। महाराणा बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी-12-पी-0588 पंधाना से शिवा बाबा जा रही थी। घटना में कुल 17 लोग घायल हुए हैं, जिसमें से 10 को जिला अस्पताल भेजा गया है।
पंधाना टीआइ निरीक्षक दिलीप देवड़ा ने बताया कि घटना शाम 5 बजे की है। बस चालक पंधाना से सवारी भरकर शिवा बाबा ले जा रहा था। इसी दौरान तेलिया बाबा के पास बस नियंत्रण से निकल गई और सडक़ से नीचे उतरकर गड्ढे में जा फंसी। गनीमती यह रही की बस में पलटी नहीं, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बंधन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां मामूली घायलों की उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। वही 10 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जिसमें से एक गंभीर व अन्य घायलों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
ये हुए घायल
बस में सभी सवार शिवा बाबा मेले में जा रहे थे। घायलों में अधिकतर बंजारा समाज के लोग है, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल है। जिसमें जयश्री, दुप्रता, चंपाबाई पति रामलाल निवासी कालंका, उमाबाई पति पूनाशंकर निवासी अमलपुरा, बंसीबाई पति काशीराम निवासी सिहाड़ा, जया बाई पति दिनेश निवासी पंधाना, संतोष बाई पति प्रहलाद रावत निवासी हरदा, उषाबाई पति सुनील निवासी नानखेड़ा, रेशमा पति रमजान शाह, जामनी पति अहमद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।