इस सनसनी खेज मामले का खुलासा पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार दोपहर में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने किया। उन्होंने बताया कि सूतली बम बनाने की अवैध फैक्ट्री पर कार्रवाई की है। जहां फैक्ट्री चल रही थी वह बंद क्लब हाउस हैं। फैक्ट्री का संचालन इमरान पिरयानी कर रहा था। उसकी सिहाड़ा में पटाखे को गोदाम भी हैं। संदेही इमरान की तलाश की जा रही है। मौके से जब्त माल की कीमत करीब 20 लाख रुपए हैं।
देर रात अकेले पहुंच गए थे थाना प्रभारी
थाना प्रभारी प्रवीण आर्य की सोमवार रात में किशोर कुमार सभागृह में ड्यूटी लगी हुई थी। यहां से रात करीब 12 बजे वापस लौट रहे थे की तभी उन्हें एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि सम्यक गोल्ड कॉलोनी, सिहाड़ा रोड के एक सुनसान मकान (क्लब हाउस) में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री एकत्र कर विस्फोटक पदार्थ बना रहे हैं। उसे पिकअप वाहन से परिवहन करने की तैयारी कर रहे हैं। यह पता चलने पर थाना प्रभारी आर्य अकेले ही कार चलाकर बताए गए स्थान पर पहुंच गए थे। इस बीच उन्होंने थाने में सूचना देकर अन्य पुलिसकर्मियों को बुला लिया था। पुलिसकर्मियों के आने पर छापा मारा गया। इस दौरान सूतली बम बना रहे पांच से अधिक युवक वहां से भाग निकले।
अवैध फैक्ट्री का जायजा लिया
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय सुबह से सम्यक गोल्ड कॉलोनी पहुंचे। यहां क्लब हाउस के कमरों में रखी विस्फोटक सामग्री को देखा, इसके बाद भी क्लब के छत पर पहुंचे। यहां सूतली बम, बारूद, रंग, सुतली, ट्रे, ड्रम, टब, गत्ते की पट्टियां एवं अन्य उपकरण मिले। उन्हों ने सूतली बम को उठाकर भी देखा। करीब आधे घंटे तक वे यहां मौजूद रहे। इस दौरान उनके साथ नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार बारंगे व प्रशिक्षु आइपीएस अमित कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस ने 2 टन विस्फोटक सहित सूतली बम बनाने की सभी सामग्री जब्त की है।
किराए पर लेकर आए थे पिकअप वाहन
पुलिस ने मौके पर अवैध विस्फोटक पदार्थ से भरी एक बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 12-जेडजे-1627 जब्त की है। वहीं स्कूटी एमपी 12-एमक्यू-6011 को भी जब्त किया। बताया जाता है कि पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लिया है। उसने सात हजार रुपए किराए पर अपनी पिकअप लगा रखी थी।