सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 1 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। शुक्रवार को खंडवा में सडक़ सुरक्षा जागरुकता पैदल रैली का आयोजन किया गया। रैली एसएन कॉलेज से प्रारंभ होकर पदमनगर थाना परिसर तक निकाली गई। इस दौरान विधायक, कलेक्टर, एसपी, एनएचएआइ अधिकारी भी 4 किमी पैदल घूमे और लोगों को जागरूक किया।
रैली में खंडवा विधायक कंचन तनवे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सह डीआइजी मनोज कुमार राय, एनएचएआइ पीडी आशुतोष सोनी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल कुमार राय सहित यातायात पुलिस व बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। अधिकारियों ने सडक़ सुरक्षा को जीवन रक्षा से जोड़ते हुए नियमों के पालन का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक राय के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा जिले के विद्यालयों में भी जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डीएसपी यातायात अनिल कुमार राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक देवेन्द्र सिंह परिहार व टीम ने पीएमश्री विद्यालय सूरजकुंड एवं शासकीय गणेशगंज स्कूल में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लगभग 200 छात्र-छात्राओं को यातायात संकेत, नियम, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, नशे में वाहन न चलाने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने सहित सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही शासन की राहगीर योजना सहित अन्य योजनाओं से भी अवगत कराया गया।
चालानी कार्रवाई भी हुई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 113 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 51 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने सख्त कार्रवाई के साथ ही वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी, जिससे सडक़ सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुंच सके।