
vidisha land prices surge (फोटो- Freepik)
MP News:विदिशा में नए वित्तीय वर्ष में जमीनों की कीमत में जबरदस्त इजाफा की संभावना बन रही है। खासतौर पर उन इलाकों में जमीन की कीमत में बढ़ोतरी की संभावना है, जहां वैध कॉलोनियों की संख्या अधिक है। वजह, वैध कॉलोनियों वाले क्षेत्रों में प्लॉट का क्रय-विक्रय अधिक हुआ है। उप जिला मूल्यांकन अधिकारी कीमत में बढ़ोतरी की रिपोर्ट तैयार कर रहे है। फरवरी में प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए जिला मूल्यांकन समिति और फिर केंद्रीय मूल्यांकन समिति को भेजे जाने की योजना है। प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने के बाद एक अप्रैल से नई दरों के लागू होने की संभावना है।
वैध कॉलोनियों वाले क्षेत्रों में जमीन की कीमत में 75 प्रतिशत तक बढ़ोतरी (Land Prices Surge) होने की संभवाना है। इसे अवैध कॉलोनियों पर लगे प्रतिबंध का नतीजा माना जा रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर कई दूसरे नगरीय निकायों तक में यह स्थिति बन रही है। वजह, जिला प्रशासन की ओर से अवैध तरीके से विकसित की जा रही करीब 100 अवैध कॉलोनियों में प्लॉट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाना है। प्रतिबंध का नतीजा यह है कि वैध कॉलोनियों में प्लॉट के खरीदार बढ़ गई है। बढ़ी खरीदारी के चलते ही कीमतों में इजाफा की संभावना बन रही है।
अवैध कॉलोनियों में प्लॉट के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध के चलते वैध कॉलोनियों में बिकी भले ही बढ़ गई हो, लेकिन जमीन की अब तक होने वाली कुल रजिस्ट्री प्रभावित हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष में 15 जनवरी तक जहां 22 हजार से अधिक संपत्तियों का क्रय-विक्रय किया गया था। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक कुल रजिस्ट्री की संख्या 21 हजार तक ही सीमित है। रजिस्ट्री में आयी कमी अवैध कॉलोनियों पर प्रतिबंध का नतीजा बताया जा रहा है।
पंजीयन विभाग को राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य पूरा करना मुश्किल जान पड़ रहा है। पिछले वर्ष 160 करोड़ रुपए लक्ष्य के सापेक्ष 146.23 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस बार अभी केवल 120 करोड़ रुपए ही मिले हैं। जबकि लक्ष्य बढ़कर 180 करोड़ रुपए हो गए हैं। जिला पंजीयक का अनुमान है कि वित्त वर्ष के अंत तक अधिकतम 155 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हो सकेगा। राजस्व में कमी अवैध कॉलोनियों पर प्रतिबंध का नतीजा है।
इस वर्ष कई क्षेत्र में जमीन की अधिक खरीदारी हुई है। उसके अलावा अन्य निर्धारित मानकों को ध्यान में रखते हुए नए वित्तीय वर्ष में पहले दिन से जमीनों की कीमत में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। कई क्षेत्रों में आवासीय, व्यवसायिक व कृषि उपज की जमीन की कीमत बढ़ने की संभावना है।- क्षिप्रा सेन, जिला पंजीयक विदिशा
इन इलाकों में कीमत बढ़ने का अनुमान
जिला मुख्यालय के कछवा, अहमदपुर रोड से अंदर, कॉन्वेंट स्कूल के पास, दाबेर नपा सीमा के बाहर, सुनपुरा, कराखेड़ी, सोंठिया मार्ग हरिपुरा, टीलाखेड़ी नई बस्ती, मुखर्जी नगर में जमीन की कीमत मैं अधिक इजाफा की संभावना है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में विदिशा के सुआखेड़ी व आमाछावर में, गुलाबगंज के धनियाखेड़ी, ग्यारसपुर के नौरजा, कुरवाई के बरुअल व कच्छपुरा में, पठारी के बड़ोह में, सिरोंज के सियालपुर व बामौरीशाला में और गंजबासौदा के राजौदा रोड व बेदानखेड़ी में जमीन की कीमत बढ़ सकती है। (MP News)
Published on:
24 Jan 2026 01:23 am
बड़ी खबरें
View Allविदिशा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
