
कैबिनेट मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा, पत्रिका फोटो
Cabinet Minister Kirodi Lal Meena: अजमेर में एक समारोह में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि आजकल की राजनीति तो धंधा हो गई है। लोग धंधा करने के लिए राजनीति में आ गए है। मैंने कृषि मंत्री के रूप में काम करके दिखाया है। किशनगढ़ सहित राजस्थान के कई जिलों में छापे मारकर नकली बीज व खाद बनाने वालों को पकड़ कर कार्रवाई की। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान देश में एक ऐसा कानून ला रहे हैं जो व्यापारी, किसानों को नकली खाद, बीज, पेस्टीसाइड व दवा देगा, उसको 10 से 20 लाख रुपए का जुर्माना व 10 साल की सजा होगी।
अजमेर में रविवार को सीआरपीएफ जीसी-1 स्थित मीना विकास एवं शोध संस्थान के नव वर्ष स्नेह मिलन व प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मीणा ने यह बात कही। मीणा ने कहा कि देश में कोई जानता है राजनीति में तो राजस्थान के कृषि मंत्री को जानता है । कृषि मंत्रालय क्या होता है डॉ. किरोड़ी लाल ने कर के बता दिया।
पूर्व सीएम राजे ने मुझे एक बार पार्टी से निकाल दिया था व मेरा टिकट भी काट दिया था। लेकिन मीणा समाज ने मुझे निर्दलीय चुनाव लड़वाया व जिताया। वर्ष 2009 में लोकसभा का चुनाव लड़ा था और रिकॉर्ड सबसे अधिक मतों से जीतने वाला सांसद बना। दोनों राष्ट्रीय पार्टियों की जमानत जब्त हुई। मैंने हमेशा मेहनत व परिश्रम से चुनाव जीते हैं।
अजमेर की यादें ताजा करते हुए किरोड़ी ने कहा कि पिछले राज में अजमेर आया। पेपर लीक होने के समय सीधा आरपीएससी में घुस गया, अध्यक्ष को पकड़ लिया और कहा कि तेरी नाक के नीचे से पेपर लीक हो रहे हैं। ये पेपर बंद करना छोड़ दो, नहीं तो जेल में होंगे। मैंने रात-रात भर जयपुर रोड सड़क पर धरना दिया, बरसात में रातें काटी। लेकिन लीक हुए पेपर रिजेक्ट करवाकर वापस पेपर करवाए। मैंने जाति, क्षेत्र के बजाय युवाओं की लड़ाई लड़ी।
कार्यक्रम में मीणा समाज की महिलाएं पीली लूगड़ी गाने पर नाचने लगी तो किरोड़ी लाल मीणा भी झूमने लगे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘गोलमा की लूगड़ी और किरोड़ी का घाघरा’ तो लोग ठहाके लगाने लगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी में जाकर भी राजस्थान की पीली लूगड़ी वाली महिलाएं छाप छोड़ रही हैं। आजकल महिलाएं साड़ियां भी पहनती हैं। लेकिन हमारे समाज की महिलाओं ने अपना पहनावा नहीं छोड़ा। अजमेर सहित शहरों में भी लूगड़ी घाघरा पहने महिलाओं को देखकर खुशी हो रही है। यह हमारी संस्कृति को अपनाने का संकेत है।
उन्होंने कहा कि आज भी युवा, समाज के लोग कहते हैं, नारे लगाते हैं बाबा तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं। किरोड़ी ने चुटकी ली कि अब तो 73 साल का हो गया। कब तक संघर्ष करवाओगे? कई आंदोलन करवाए, पुलिस की लाठियां खाई। चोटी से ए़ड़ी तक कोई जगह नहीं बची जहां लाठी नहीं खाई है।
मैं छोटी सी उम्र से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का स्वयंसेवक रहा। बीकानेर मेडिकल कॉलेज में पढ़ता था तब संघ पर प्रतिबंध लगा तो मुझे भी जेल में डाल दिया। तब से आज तक मैं पार्टी के साथ लगा। कितना परिश्रम, मेहनत की। हर विपरीत परिस्थिति में भाई बहिन ने मदद की जिससे मैं राजनीति में जिन्दा हूं । मेरी पार्टी का मुझ पर एहसान है।
Updated on:
02 Feb 2026 09:36 am
Published on:
02 Feb 2026 08:55 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
