
श्रीगंगानगर. नई धानमंडी की दुकान के विवाद को लेकर जवाहरनगर थाना क्षेत्र मीरा पुलिस चौकी के पास कार रुकवाकर हमला करने, कार के शीशे तोडकर सवा लाख रुपए की नकदी छीनने के घटना हुई। यह हमला कराने के आरोप में भाजपा नेता बाबू खान रिजवी और उनके परिजनों के खिलाफ जवाहरनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह घटना शनिवार आधी रात को मीरा चौक चौकी के पास हुई थी। इस मामले की जांच एएसआई राकेश लांबा को सौंपी गई है। अशोकनगर बी निवासी मोहम्मद अब्बास ने रिपोर्ट दी कि उसके भाई रजा अब्बास नकवी ने नई धानमंडी स्थित फल-सब्जी मंडी की एक दुकान बाबू खान रिजवी से खरीदी थी। शनिवार को बाबू खान ने फोन कर रजा अब्बास को दुकान पर कब्जा करने की धमकी दी। इसके बाद बाबू खान के बेटे अली अब्बास, भांजे इमरान हसन रिजवी और अन्य कई लोग हथियारों और वाहनों के साथ दुकान पर कब्जा करने पहुंचे।
मीरा चौकी के पास सीसीटीवी कैमरे में कैद
पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जब वहां रजा अब्बास नहीं मिला तो आरोपी उसकी तलाश में दो सफेद स्कॉर्पियो गाड़ियों में शहर में घूमते रहे। इसी दौरान मीरा चौक चौकी के पास उसके भाई की विटाराब्रेजा और एक इंडिगो कार खड़ी थी। आरोपियों ने इन कारों में रजा अब्बास व परिवादी के सवार होने के भ्रम में हमला कर तोड़फोड़ कर दी। जाते समय कार में रखे करीब सवा लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। यह घटना भी मीरा चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद रविवार सुबह से आरोपियों की ओर से राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Published on:
08 Feb 2026 11:55 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
