No video available
हिण्डौनसिटी. महवा रोड 220 केवी पावर हाउस के पास स्थित इंडियन स्टील फैब्रिकेशन की दुकान में गुरुवार रात को चोरों ने दीवार तोडकऱ चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर पिकअप वाहन में वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, कटर, हथौड़ी और खिडक़ी की जालियां सहित भारी सामान लादकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची नई मंडी थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली है।
ईदगाह कॉलोनी निवासी दुकानदार सलमान खान ने बताया कि चोरी की घटना पड़ोसी दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में पांच लोग पिकअप में सामान लोड करते नजर आ रहे हैं, लेकिन घने कोहरे के कारण वाहन और चोर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे। कैमरे की रिकॉर्डिंग के अनुसार घटना रात करीब 2.30 बजे की है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली गई तो टूटी दीवार और खुला पिछला गेट देखकर चोरी का पता चला। सूचना पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। दुकानदार ने करीब तीन लाख रुपए का नुकसान बताया है। सुबह मुख्य सडक़ मार्ग पर स्थित दुकान में चोरी होने की सूचना पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही चोरों को पकडकऱ कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके। उन्होंने नाराजगी जताई कि 220 केवी जीएसएस चोराहे के समीप गश्त प्वाइंट होने के बावजूद चोरों ने दुकान की दीवार तोड़ दी और भारी भरकम सामान को वाहन में लाद का ले गए। पीडित दुकानदार ने बाताया कि चोर दो बेल्डिंग मशीन, दो कटर मशीन, दो ग्राइंडर मशरीन, 4 हथौडे, 2 होल्डर 35 लोहे की सेक्सन विण्डो को ले गए।