
UER-II और द्वारका एक्सप्रेसवे ने बदल दी NCR की तस्वीर (Photo: PMO/IANS)
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए सफर अब पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गया है। शहरी विस्तार सड़क-2 (UER-II) और द्वारका एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद नोएडा से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI Airport) तक की दूरी अब सिर्फ 20 मिनट में तय की जा सकती है। यह बदलाव रोजाना सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है।
इन दोनों अहम एक्सप्रेसवे का उद्घाटन पिछले साल 17 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने ये प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। इन सड़कों के शुरू होने से न सिर्फ यात्रा का समय घटा है, बल्कि ट्रैफिक जाम की समस्या में भी काफी कमी आई है।
UER-II (Urban Extension Road-II) की बात करें तो यह एक्सप्रेसवे मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़, द्वारका, रोहतक, सोनीपत समेत एनसीआर के कई अहम इलाकों को आपस में जोड़ता है। वहीं, 29 किमी लंबा द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway) महिपालपुर से खेड़की दौला तक सीधा और स्मूथ सफर की सुविधा देता है, जिससे आईजीआई एयरपोर्ट, गुरुग्राम और आगे जयपुर की ओर जाना पहले से कहीं आसान हो गया है।
इन नई सड़कों के खुलने से आईजीआई एयरपोर्ट तक पहुंचने में लगने वाला समय, जो पहले दो घंटे और ट्रैफिक में उससे ज्यादा हो जाता था, अब घटकर 20 से 40 मिनट के बीच रह गया है। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों, एयरपोर्ट यात्रियों और लॉजिस्टिक्स सेक्टर से जुड़े लोगों को इसका सीधा फायदा मिल रहा है।
इसके शुरू होने से एक और बड़ा असर यह है कि धौला कुआं और मुकरबा चौक जैसे पहले से ही व्यस्त रूट्स पर ट्रैफिक का दबाव कम हुआ है। इससे न सिर्फ शहर के अंदर यातायात सुगम हुआ है, बल्कि माल ढुलाई और लंबी दूरी की यात्राएं भी ज्यादा तेज बन गई हैं।
बता दें कि लगभग 5,580 करोड़ रुपये की लागत से बने बहादुरगढ़ और सोनीपत के नए लिंक के साथ शहरी विस्तार मार्ग-II (यूईआर-2) के अलीपुर से ढिचाऊं कलां खंड का भी शुभारंभ हो चुका है। इससे दिल्ली के इनर और आउटर रिंग रोड और मुकरबा चौक, धौला कुआं और एनएच-09 जैसे व्यस्त स्थानों पर यातायात पहले से काफी आसान बन गगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे के 10.1 किमी लंबे दिल्ली खंड का निर्माण लगभग 5,360 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह खंड यशोभूमि, डीएमआरसी की ब्लू लाइन और ऑरेंज लाइन, आगामी बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका क्लस्टर बस डिपो को मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
जबकि द्वारका एक्सप्रेसवे के 19 किमी लंबे हरियाणा खंड का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा पहले मार्च 2024 में किया गया था।
Published on:
01 Feb 2026 11:02 am
