
Demo Pic
Waiter Love Story : राजस्थान के श्रीगंगानगर से दिल दहला देने वाले 'आशीष हत्याकांड' में बड़ा अपडेट सामने आया है। प्यार, धोखा और कत्ल की इस सनसनीखेज साजिश के सभी किरदारों—मास्टरमाइंड पत्नी अंजली, उसके वेटर प्रेमी संजय और दो अन्य साथियों—की पुलिस रिमांड खत्म हो गई है। सोमवार को कोर्ट ने तीनों मुख्य आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा (Jail) में भेज दिया है। विडंबना देखिए, जिस हफ्ते दुनिया 'Valentine's Week' मना रही है, उसी हफ्ते प्यार के नाम पर कत्ल करने वाली पत्नी और उसका प्रेमी जेल की कालकोठरी में अपने किए की सजा काट रहे हैं।
करीब तीन महीने पहले ही आशीष की शादी अंजली से बड़े अरमानों के साथ हुई थी। एमएससी पास और स्वभाव से बेहद शांत आशीष अपनी पत्नी को खुश रखने की हर मुमकिन कोशिश करता था। वह आने वाले वैलेंटाइन डे और अपनी नई गृहस्थी को लेकर कई सरप्राइज प्लान कर रहा था। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस पत्नी के साथ वह 'नाइट वॉक' पर निकला है, वह उसे मौत का 'सरप्राइज' देने वाली है।
पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, उसने सबके होश उड़ा दिए। अंजली का अफेयर करीब 7 साल पहले एक शादी समारोह में मिले संजय से शुरू हुआ था, जो वहां वेटर का काम करता था। बीच में संपर्क टूटा, लेकिन 2024 में मोबाइल मिलते ही दोनों फिर करीब आ गए। घरवालों ने अंजली की शादी टीचर बनने का सपना देख रहे पढ़े-लिखे आशीष से कर दी, लेकिन अंजली के दिल में वेटर प्रेमी संजय ही बसा था।
अंजली ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने का 'फुलप्रूफ' प्लान बनाया। 30 जनवरी की रात उसने घूमने का बहाना बनाकर आशीष को सुनसान सड़क पर ले गई और पहले से तय लोकेशन अपने प्रेमी को भेज दी। वहां झाड़ियों में छिपे संजय और उसके साथियों (रोहित और बादल) ने आशीष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब आशीष की जान नहीं निकली, तो मफलर से उसका गला घोंट दिया गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद अंजली ने इसे लूट और हादसे का रूप देने की कोशिश की। उसने खुद के गहने और मोबाइल आरोपियों को दे दिए और सड़क पर बेहोश होने का नाटक किया। लेकिन पुलिस की पैनी नजरों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने इस 'बेवफा' पत्नी के झूठ का पर्दाफाश कर दिया।
डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपियों के परिजनों ने भी उनसे किनारा कर लिया है। रिमांड के दौरान उनसे मिलने कोई नहीं आया। अब मास्टरमाइंड पत्नी बीकानेर जेल में है, जबकि उसका प्रेमी और साथी अनूपगढ़ उपकारागृह में बंद हैं।
Published on:
10 Feb 2026 08:35 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
